बनेगा स्वच्छ फरीदाबाद के तहत 31 दिसम्बर को यादगार के रूप में मनाया जायेगा

फरीदाबाद : बनेगा स्वच्छ फरीदाबाद के तहत 31 दिसम्बर को यादगार के रूप में मनाया जायेगा। इस मिशन को ‘‘31 दिसंबर याद है ना’’ का नाम दिया गया है। इसी श्रृंखला में शहर में अतिक्रमण को साफ करने को लेकर नगर निगम प्रशासन ने सख्त रूख अपना लिया है। निगम प्रशासन ने दुकानदारों को चेतावनी दी है कि दुकानों के आगे जमीन पर किसी प्रकार का अतिक्रमण बर्दास्त नहीं किया जाएगा।
15 दिसम्बर तक सबको अपनी दुकानों के आगे से अतिक्रमण हटाने की अपील की थी उसके बाद भी कुछ दुकानदारों ने अपने अतिक्रमणों को नहीं हटाया है। इसके बाद दुकानदारों के अनुरोध पर फिर एक सप्ताह का और समय दिया गया परन्तु कुछ जगह और बाजारों में अभी तक अतिक्रमण नहीं हटाया गया है। निगमायुक्त ने सभी वार्डों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि जो दुकानदार बाजारों में अपनी दुकानों के आगे से अतिक्रमण नहीं हटा रहे है उनके खिलाफ सख्त कार्यवाही की जाए तथा ऐसे सभी अतिक्रमण तुरन्त हटाये जायें।
निगमायुक्त ने कहा कि जो लोग अतिक्रमण कर रहे हैं, कूड़े को जला रहे है तथा कूड़ा खुले में फेंक रहे हैं, ऐसे लोगों पर चालान करके जुर्माना तेज की जाए। निगमायुक्त ने कहा कि प्रत्येक शुक्रवार व शनिवार को सभी वार्डों में मेगा सफाई अभियान प्रात: 9.00 बजे से सायं 4.00 बजे तक पहले कह तरह चलाया जायेगा।
निगमायुक्त ने सभी नोडल अधिकारियों, पार्षदों, मास्टर ट्रैनर्स, वॉलिएंटर्स, एनजीओ तथा सफाई कर्मचारी भी सहयोग देने पर हार्दिक धन्यवाद जताया तथा आगे अपील की है कि सप्ताह के प्रत्येक शुक्रवार व शनिवार को चलने वाले मेगा सफाई अभियान में भी अपना सहयोग दें और अभियान को सफल बनाएं ताकि हम एक स्वच्छ और स्वस्थ फरीदाबाद का निर्माण करने में सफल हो सकें।



