मेट्रोमोनियल ऐप के माध्यम से जान-पहचान बढ़ाकर की गई थी ठगी, खाता उपलब्ध करवाने वाला गिरफ्तार

साइबर थाना बल्लभगढ की कार्रवाई

फरीदाबाद : फरीदाबाद पुलिस द्वारा साइबर अपराधियों के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। साइबर थाना बल्लभगढ़ की टीम ने 3 अप्रैल को खिचडीपुर दिल्ली से एक आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। जिसकी पहचान राज सहानिया(23) निवासी खिचडीपुर कल्याणपुरी दिल्ली के रूप में हुई है।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, सेक्टर-2, फरीदाबाद निवासी एक व्यक्ति ने पुलिस को शिकायत दी थी कि उसने एक मेट्रोमोनियल ऐप (संगम डॉट कॉम) पर अपनी प्रोफाइल बनाई थी। इसी दौरान उसकी एक लड़की से बातचीत शुरू हुई, बाद में फोन और व्हाट्सएप के माध्यम से भी बातचीत जारी रही। लड़की ने खुद को एक गेमिंग कंपनी तथा Accenture IT कंपनी में कार्यरत बताया। उसके द्वारा परिवार से मिलने की बात कहने पर आरोपी महिला द्वारा बहाना बनाकर टाल दिया गया और बाद में उसे एक ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से पैसे कमाने का झांसा दिया गया। महिला ने एक लिंक साझा कर शिकायतकर्ता को कम्पनी में निवेश करने के लिए प्रेरित किया। शिकायतकर्ता उनके बताए अनुसार विभिन्न खातों में पैसे ट्रांसफर करता रहा। जब उसने अपने पैसे निकालने चाहे, तो 2 लाख रुपये की मांग की गई, जिसका उसने भुगतान कर दिया। इस प्रकार आरोपियों ने कुल 45,00,000/- रुपये की ठगी कर ली। शिकायत के आधार पर साइबर थाना बल्लभगढ़ में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।

पुछताछ में सामने आया कि राज ने प्रशांत (खाताधारक) से खाता लेकर ठगो को दिया था। वह बी.ए द्वितीय वर्ष का छात्र है। राज पहले नोएडा में एक निजी कंपनी में कॉलर का काम करता था, खाताधारक प्रशांत भी नोएडा की कंपनी में काम करता था, जहां पर इनकी आपस में मुलाकात हुई थी। राज को आगामी पूछताछ के लिए 2 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। खाताधारक प्रशांत को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!