पीवी स्कूल ऑफ डांस के बच्चों ने गणेशोत्सव में जीवंत की महाराष्ट्र की संस्कृति

छत्रपति शिवाजी महाराज के शौर्य को नृत्य के माध्यम से किया जीवंत

  • फरीदाबाद में गूंजा महाराष्ट्र – गणेशोत्सव में संस्कृति, भक्ति और इतिहास की झलक
  • नन्हे कलाकारों ने नृत्य से दिखाया महाराष्ट्र का गौरव”

फरीदाबाद : महाराष्ट्र मित्र मंडल, फरीदाबाद द्वारा आयोजित सार्वजनिक श्री गणेश उत्सव के अवसर पर पीवी स्कूल ऑफ डांस के लगभग 90 नन्हे कलाकारों ने अपनी मनमोहक नृत्य प्रस्तुतियों से महाराष्ट्र की संस्कृति, परंपरा, भक्ति और गौरवशाली इतिहास को जीवंत कर दिया।

पूरे कार्यक्रम की थीम महाराष्ट्र की संस्कृति को समर्पित रही। बच्चों ने गणपति बप्पा के आगमन को दर्शाते हुए “आपले गणपति बप्पा आले” पर आकर्षक नृत्य प्रस्तुत किया, जिसने वातावरण को भक्तिमय बना दिया। इसके बाद भगवान विठ्ठल को समर्पित प्रस्तुति “विठ्ठल विठ्ठल जय हरी विठ्ठल” ने दर्शकों को महाराष्ट्र की भक्ति परंपरा से रूबरू कराया।

महाराष्ट्र के पारंपरिक कोली लोकगीत एवं नृत्य की प्रस्तुति ने दर्शकों को लोक संस्कृति का अनुभव कराया। वहीं छत्रपति शिवाजी महाराज के जीवन और उनके शौर्य को समर्पित विशेष नृत्य प्रस्तुति ने स्वराज्य की भावना को उजागर किया।

लोक संस्कृति को दर्शाते हुए जोगवा नृत्य भी प्रस्तुत किया गया, जिसे “लल्लाटी भंडारा” गीत पर तैयार किया गया था। इस प्रस्तुति में दीप्ति अरोड़ा, अंशु अरोड़ा, देवी शर्मा, जाह्नवी गुलाटी, तरनजीत कौर, मन्नत नारंग, अलीशा बांगा और शीना भाटिया ने शानदार प्रदर्शन किया। उल्लेखनीय है कि सभी कलाकार मूल रूप से पंजाब से थे, फिर भी उन्होंने महाराष्ट्र की पारंपरिक लोक संस्कृति को अत्यंत सुंदरता से प्रस्तुत किया।

कार्यक्रम का सबसे भावुक कर देने वाला हिस्सा महाराष्ट्र मित्र मंडल के सफर को समर्पित विशेष कहानी एवं नृत्य प्रस्तुति रही। इसमें बच्चों ने वर्ष 2001 से लेकर 2025 तक मंडल की यात्रा को नृत्य और कथा के माध्यम से प्रस्तुत किया, जिसने दर्शकों को भावुक कर दिया।

इसी अवसर पर मंडल ने गर्व पूर्वक अपना स्मारिका (Souvenir) भी जारी किया, जिसमें पिछले 25 वर्षों की यादें संजोई गई हैं। इस स्मारिका का लोकार्पण मंडल अध्यक्ष राजेन्द्र पांचाल, मंडल के संरक्षक यशवंत पांचाल, सुरेश मेस्त्री, लक्ष्मण पांचाल एवं अखिलेश भारद्वाज द्वारा किया गया।

इन सभी प्रस्तुतियों को पीवी स्कूल ऑफ डांस के संस्थापक अक्षय पंचाल एवं उनकी टीम बलवीन कौर और बबलू ने तैयार कराया। बच्चों को महाराष्ट्र की संस्कृति, इतिहास और परंपराओं से जुड़े हुए इन प्रस्तुतियों को विशेष रूप से संजोया गया।

पीवी स्कूल ऑफ डांस के नन्हे कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से मानो फरीदाबाद में ही पूरा महाराष्ट्र जीवंत कर दिया जहां भक्ति, लोक संस्कृति, इतिहास, परंपरा और गौरव की एक सुंदर तस्वीर देखने को मिली।

कार्यक्रम के अंत में मंडल के अध्यक्ष ने सभी कलाकारों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में अध्यक्ष राजेंद्र पंचाल, यशवंत पांचाल, विलास पांचाल, सुरेश मेस्त्री, जितेंद्र बडोले, रविकांत गोसावी, संतराम, कर्ण शर्मा, सचिन, श्रेयस पांचाल सहित मंडल के सभी कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर आयोजन को सफल बनाने में अपना योगदान दिया।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!