तिगांव में कांग्रेस प्रत्याशी रोहित नागर ने निकाला विजय संकल्प रोड शो
बोले- कांग्रेस के पक्ष किया मतदान बदलेगा तिगांव क्षेत्र की दशा और दिशा

फरीदाबाद, 2 अक्तूबर। तिगांव विधानसभा क्षेत्र से कांगेस प्रत्याशी रोहित नागर ने आज अपने चुनावी प्रचार अभियान के तहत एक क्षेत्र में विजय संकल्प रोड शो निकाल लोगों से कांग्रेस के पक्ष में मतदान की अपील की। उन्होंने अपने इस रोड-शो की शुरूआत नीमका से की उसके उपरांत, तिगांव, बदरौला, कौराली, फैजपुर, चांदपुर, घरोंडा, मंझावली, चीरसी, महमदपुर, ढैकोला, भेंसरावली, भुआपुर, शाहबाद, जसाना, कांवरा, नचौली व खेडीकलां से निकला। वह जहां-जहां से निकले वहां-वहां लोगों ने पुष्पवर्षा कर जोरदार स्वागत किया।
इस मौके पर कांग्रेस प्रत्याशी रोहित नागर ने कहा कि आज तिगांव की सडक़ों पर विजय संकल्प रोड शो के दौरान आप सभी ने जो प्यार, अपनापन, और आशीर्वाद दिया, उसके लिए दिल से आभार। आपका यह भरोसा मेरे लिए सिर्फ़ समर्थन नहीं, बल्कि एक बड़ी जिम्मेदारी है। तिगांव के हर चेहरे में मैंने एक उम्मीद देखी है—बेहतर भविष्य की, विकास की, और एक नई शुरुआत की।
मुझे पूरा विश्वास है कि इस जोश और उत्साह को आप 5 अक्टूबर को मतदान में बदलेंगे। आइए, बड़ी संख्या में बाहर निकलें, बैलेट नंबर 4 पर हाथ के निशान को चुनें, और कांग्रेस को विजयी बनाकर तिगांव के सुनहरे कल की नींव रखें। आपका हर वोट तिगांव की तकदीर बदल सकता है।
वहीं लोगों से मिले अपार समर्थन से गदगद कांग्रेस पत्याशी रोहित नागर ने कहा कि आज जिसप्रकार से लोगों ने उनके प्रति प्यार व सम्मान दिखाया है वह उसे जीवनभर भुला नहीं सकते। उन्होंने कहा कि यह चुनाव तिगांव क्षेत्र की दशा और दिशा बदलने का चुनाव है क्योंकि पिछले 10 सालों में हमारे क्षेत्र की जो दुर्गति हुई है, वह आप सबसे छिपी नहीं है। भाजपा के राज में चारों ओर भ्रष्टाचार छाया रहा वहीं जाति-धर्म वर्ग विशेष की बात कर जुम्लेबाजी में लोगों की भावनाओं से खेल आपसी भाईचारे को बिगाडा गया है। इसलिए अब समय आ गया है,एक युवा को चुनकर विधानसभा में भेजें ताकि तिगांव क्षेत्र के नागरिकों के विकास के सपनों को पूरा किया जा सके। उन्होंने लोगोंं से वादा किया कि मुझे दिया गया एक एक वोट आपके क्षेत्र की ख़ुशहाली व 36 बिरादरी व हर वर्ग के भाईचारे में सहायक होगा। क्योंकि हरियाणा में एक तरफा कांग्रेस पार्टी की लहर चल रही है। कांग्रेस सरकार बनते ही तिगांव क्षेत्र का सर्वांगीण विकास करना ही मेरी पहली प्राथमिक्ताओं में शामिल रहेगा।



