वेतन ना मिलने पर सफाई कर्मचारियों का धरना

फरीदाबाद (मदन लाहौरिया) 15 दिसंबर। वेतन समय पर ना मिलने के कारण फरीदाबाद नगर निगम के सफाई कर्मचारी पिछले कई दिनों से धरने पर बैठे हुए है! कर्मचारियों का कहना है कि फरीदाबाद नगर निगम हर महीने वेतन देरी से देना एक रिवाज बन गया है! वेतन देरी से देने को कतई बर्दाश्त नहीं किया जायेगा! सफाई कर्मचारियों का कहना है कि उन्हें वेतन देरी से मिलने के कारण उन के पढऩे वाले बच्चों की फीस स्कूल में देरी से जाती है जिस कारण उन के बच्चों को स्कूल में बेइज्जती का सामना करना पड़ता है और घर में खाने पीने का सामान लेने जब राशन वाले की दुकान पर जाते हैं तो राशन वाला दुकानदार सामान उधार में देने से इंकार करता है! इस प्रकार सफाई कर्मचारियों को वेतन देरी से मिलने के कारण भारी मुसीबतों का सामना करना पड़ रहा है! दूसरी ओर सफाई कर्मचारियों की मांग है कि ठेका प्रथा बंद की जाये व सरकार की ओर से सफाई कर्मचारियों के लिए घोषित किया गया 15 हजार रूपये महीना वेतन दिया जाये! कर्मचारियों की यह मांग भी है कि ईएसआई व पीएफ सुविधा लागू की जाये व समय पर पूरा वेतन दिया जाये तथा श्रम सुरक्षा कानून सख्ती से लागू किया जाये! फरीदाबाद नगर निगम के सफाई कर्मचारियों ने यह भी मांग उठाई कि उन्हें सेवानिवृति का लाभ, शिक्षा भत्ता, एलटीसी और मैरिज लोन दिया जाये! फरीदाबाद नगर निगम की तरफ कर्मचारियों के वेतन के अलावा कर्मचारियों के एरियर व अन्य बकाया 40 करोड़ रूपये है!
नगर निगम फरीदाबाद में सफाई कर्मचारियों के आंदोलन के चलते पलवल के एक कार्यक्रम में हरियाणा सफाई कर्मचारी आयोग के उपाध्यक्ष कृष्ण कुमार ने कहा कि ठेके पर रखे गए सफाई कर्मचारियों के वेतन का भुगतान एस्क्रो एकाउंट के माध्यम से किया जायेगा ताकि सफाई कर्मचारियों को समय पर वेतन मिल सके! साथ में ही उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारियों के शैक्षणिक, सामाजिक व आर्थिक उत्थान करना आयोग का मकसद है! सफाई कर्मचारियों की समस्या पर जनता का कहना है कि पिछले पांच वर्षों में सफाई कर्मचारी कई बार हड़ताल,धरने व विरोध प्रदर्शन कर चुके हैं परंतु इन की समस्या यूँ की यूँ है! जनता का कहना है कि सफाई कर्मचारी साल में कई बार अपनी मांगों को लेकर हड़ताल करते हैं जिस वजह से सफाई व्यवस्था पूर्णतया ठप्प पड़ जाती है और जनता को मुसीबतों का सामना करना पड़ता है! इस वजह से जनता का कहना है कि सरकार सफाई कर्मचारियों की समस्या का स्थाई समाधान करे ताकि जनता को सफाई व्यवस्था सुचारु रूप से ठीक मिल सके!



