मुजेसर एरिया में 18 वर्षीय विशाल की हत्या के मामले में दो आरोपियों को बिहार के नालंदा से क्राइम ब्रांच डीएलएफ ने किया गिरफ्तार

– आरोपियों को रिमांड पर लेकर गहनता से पूछताछ की जाएगी और हत्या के कारणों का पता लगाया जाएगा
फरीदाबाद : डीसीपी क्राइम मुकेश कुमार मल्होत्रा के दिशा निर्देश के तहत कार्रवाई करते हुए क्राइम ब्रांच डीएलएफ प्रभारी राकेश कुमार की टीम ने 3 दिन पहले संजय कॉलोनी एरिया में चाकू से हमला करके की गई विशाल की हत्या के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है
पुलिस प्रवक्ता सूबे सिंह ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों में जितेंद्र उर्फ अनंत तथा लालतुश का नाम शामिल है दोनों आरोपी बिहार के नालंदा जिले के रामसंघ गांव के रहने वाले हैं। 4 अप्रैल को मुजेसर थाना में हत्या की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था जिसमें आरोपियों ने संजय कॉलोनी में स्थित एक मकान में सो रहे 18 वर्षीय नवयुवक विशाल की चाकू से गोदकर हत्या कर दी थी। क्राइम ब्रांच की टीम द्वारा मामले में जांच की जा रही थी जिन्होंने गुप्त सूत्रों और तकनीकी की सहायता से आरोपियों के बिहार के उनके गांव में होने का पता लगाया और उनकी धरपकड़ के लिए पुलिस टीम का गठन किया गया जिसमें क्राइम ब्रांच प्रभारी सहित उप निरीक्षक विजय व अमर सिंह, सिपाही अनिल, प्रीतम, संदीप तथा अजीत का नाम शामिल था।
सूचना मिलते ही क्राइम ब्रांच की टीम आरोपियों की धरपकड़ के लिए बिहार पहुंची जहां क्राइम ब्रांच ने दोनों आरोपियों को काबू करके उन्हें बिहार शरीफ कोर्ट में पेश किया। आरोपियों को ट्रांजिट रिमांड पर लेकर फरीदाबाद लाया जा रहा है। मृतक विशाल का मोबाइल फोन आरोपी जितेंद्र के मकान से बरामद किया गया है। आरोपियों को फरीदाबाद लाकर उन्हें अदालत में पेश करके पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा और मामले में गहनता से पूछताछ करके हत्या के कारणों का पता लगाया जाएगा।



