कपड़ा कारोबारी से एक करोड रुपये की फिरौती मांगने के मामले के आरोपी के साथ अपराध शाखा सेक्टर 30 की मुठभेड़

15 जून को देर रात गुरुग्राम पाली रोड पर पुलिस टीम पर चलाई थी गोली, हत्या के प्रयास का मामला दर्ज, भेजा जेल

फरीदाबाद : पुलिस आयुक्त सतेंद्र कुमार गुप्ता के नेतृत्व में फरीदाबाद पुलिस द्वारा अपराधियों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अपराध शाखा सेक्टर 30 की टीम ने कार्रवाई करते हुए कपड़ा कारोबारी के घर पर फायरिंग करने के मामले में आरोपी करण गढवाल(22) को मुठभेड़ के बाद काबू किया है।

पुलिस प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि 27 अप्रैल को थाना सारन में एक करोड़ की रंगदारी का मामला दर्ज हुआ था, मामले में शिकायतकर्ता के घर पर गोलियां भी चलाई गई थी। इस मामले में अपराध शाखा सेक्टर 30 द्वारा आरोपियों की धर पकड़ की जा रही है।

15 जून को क्राईम ब्रांच सेक्टर 30 की टीम को अपने गुप्त सुत्रो से मामले के आरोपी करण गढ़वाल बारे गुरुग्राम पाली रोड पर होने की सूचना प्राप्त हुई, जिस पर अपराध शाखा की टीम गुड़गांव पाली रोड नजदीक हनुमान मंदिर पहुंची, जहां आरोपी करण गढवाल खड़ा था, क्राइम ब्रांच की टीम को देखते ही वह भागने लगा और फिर पुलिस टीम पर फायर किया। पुलिस टीम की जवाबी कार्रवाई में आरोपी करण के दाहिने पैर मे गोली लगी और वह घायल हो गया। जिसको इलाज के लिए अस्पताल में दाखिल कराया गया।

उन्होंने अधिक जानकारी देते हुए बताया कि इस घटनाक्रम के संबंध में पुलिस की टीम पर जान से मारने की नीयत से फायर करने व अन्य संबंधित धाराओं के अंतर्गत थाना सूरजकुंड में मामला दर्ज किया गया। पुलिस चौकी अनखीर की टीम ने मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी कारण गढ़वाल वासी डबुआ कॉलोनी फरीदाबाद को गिरफ्तार किया है।

प्रारंभिक पूछताछ में पता चला कि आरोपी करण ने अपने दोस्त कमल भडाना के कहने पर अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर न्यू जनता कॉलोनी के एक कपड़े व्यापारी के घर पर गोलियां चलाई थी और वह घटना के बाद से ही उत्तर प्रदेश में छिपा हुआ था। 15 जून को वह अपने घर डबुआ कॉलोनी में आया था और रात के समय गुड़गांव पाली रोड पर हनुमान मंदिर के पास अपने साथी के इंतजार में खड़ा था, जहां पर पुलिस की टीम आ गई और वह वहां से भाग लिया। उसके पास देसी कट्टा था और उसने बचने के लिए पुलिस टीम पर फायर कर दिया।

आरोपी कारण से मौका पर एक देसी कट्टा, 1 कारतूस व 1 खोल बरामद हुये हैं।

करण पर पूर्व में भी लडाई झगडे व हत्या के प्रयास सहित कुल 5 मामले दर्ज है।

आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से आरोपी को जेल में बंद करने के आदेश प्राप्त हुए हैं।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!