शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर 19.75 लाख रुपये की साइबर ठगी, आरोपी खाता ऑपरेटर गिरफ्तार
साइबर थाना NIT की कार्रवाई

फरीदाबाद। फरीदाबाद पुलिस की साइबर थाना NIT टीम ने शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर 19,75,000 रुपये की साइबर ठगी के मामले में खाता ऑपरेटर कविराज पाटिल(24) वासी जिला रोहतास बिहार को गिरफ्तार किया है। आरोपित को माननीय न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपित के पास खाताधारक विकास के खाता का एक्सेस था, और उसी ने ठगी की रकम को आगे अलग-अलग खाता में पहुंचाया था। आरोपित से एक फोन बरामद हुआ है जिसमें खाता का एक्सेस था, आरोपी 12वीं पास है व डिलिवरी बॉय का काम करता है। पूर्व में खाताधारक विकास को गिरफ्तार किया जा चुका है जिसके खाता में ठगी के 9 लाख रुपये आये थे।
पुलिस प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि सेक्टर-39 निवासी एक व्यक्ति ने साइबर थाना NIT में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि जनवरी 2026 में उसके व्हाट्सएप पर शेयर ट्रेडिंग में निवेश कर 600 प्रतिशत तक मुनाफा कमाने का दावा करने वाला एक संदेश प्राप्त हुआ। संदेश भेजने वाले लोगों ने स्वयं को “5paisa” कंपनी से संबंधित बताते हुए विश्वास में लिया।
इसके बाद शिकायतकर्ता को एक व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ा गया, जहां प्रतिदिन शेयर मार्केट से संबंधित टिप्स, निवेश संबंधी सलाह और अधिक मुनाफे के दावे किए जाते थे। कुछ समय बाद ठगों ने शिकायतकर्ता को एक लिंक भेजकर “5paisa” नाम से एक एप्लीकेशन डाउनलोड करवाई। एप पर निवेश और बढ़ते हुए मुनाफे का फर्जी विवरण दिखाया जाता रहा, जिससे शिकायतकर्ता का विश्वास और बढ़ गया।
ठगों के झांसे में आकर शिकायतकर्ता ने अलग-अलग बैंक ट्रांजैक्शन के माध्यम से कुल 19,75,000 रुपये निवेश कर दिए। जब उसने अपनी निवेश राशि और कथित मुनाफा निकालने का प्रयास किया तो ठगों ने विभिन्न बहाने बनाकर भुगतान टाल दिया। बाद में संपर्क पूरी तरह बंद कर दिया गया, तब शिकायतकर्ता को अपने साथ साइबर ठगी होने का एहसास हुआ। शिकायत मिलने पर साइबर थाना NIT में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।



