APK फ़ाइल भेजकर ₹1,29,800 की साइबर ठगी, खाताधारक राजस्थान से काबू, खाते में आये थे ठगी के ₹50,000

फरीदाबाद : साइबर थाना बल्लभगढ़ की टीम ने मोबाइल फोन हैक कर क्रेडिट कार्ड से ₹1,29,800 की धोखाधड़ी करने के मामले में एक खाताधारक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपित की पहचान वीरेन्द्र सिंह झाला निवासी रायका बाग बैंक कॉलोनी, जोधपुर (राजस्थान) के रूप में हुई है। पुलिस टीम ने आरोपित को 5 जुलाई 2026 को जोधपुर (राजस्थान) से काबू किया है। जिसको माननीय न्यायालय में पेश कर 3 दिन पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपित वीरेन्द्र सिंह झाला खाताधारक है, जिसने अपने एक परिचित के माध्यम से अपने बैंक खाते की जानकारी साइबर ठगों तक पहुंचाई थी। उसके बैंक खाते में ठगी की ₹50,000 की राशि प्राप्त हुई थी। उसके साथी ने एटीएम कार्ड के माध्यम से ठगी की राशि निकालकर साइबर ठगों तक पहुंचाई थी
पुलिस प्रवक्ता अनुसार सेक्टर-2, बल्लभगढ़ निवासी एक व्यक्ति ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 16 मार्च को उसके मोबाइल पर एक APK फ़ाइल भेजी गई, जिसे डाउनलोड करने के बाद उसका फोन हैक हो गया। इसके पश्चात उसके क्रेडिट कार्ड से तीन अलग-अलग ट्रांजैक्शन के माध्यम से ₹50,000, ₹50,000 तथा ₹29,800, कुल ₹1,29,800 की धोखाधड़ी कर ली गई। शिकायत पर साइबर थाना बल्लभगढ़ में मामला दर्ज किया गया था।



