रेडीमेड गारमेंट खरीदने के नाम पर करीब ₹53 हजार की साइबर ठगी, साइबर थाना NIT की टीम ने आरोपित किया गिरफ्तार

फरीदाबाद : रेडीमेड गारमेंट (Ladies Wear) का थोक कारोबार करने के लिए ऑनलाइन फर्मों की तलाश कर रहे व्यक्ति से ₹53,760 की साइबर ठगी के मामले में कार्रवाई करते हुए साइबर थाना NIT की टीम ने एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपित की पहचान निखिल कमलेश भाई नाकरनी निवासी सरथाना, सूरत, गुजरात के रूप में हुई है।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि जीवन नगर निवासी एक व्यक्ति ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसने 24 जून 2026 को Justdial के माध्यम से लेडीज वियर के थोक विक्रेताओं से संपर्क किया था। इस दौरान उसे सूरत स्थित तुलसी टेक्सटाइल जानकारी मिली। शिकायत के अनुसार, तुलसी टेक्सटाइल की कथित प्रतिनिधि मीरा पटेल ने WhatsApp Business के माध्यम से कपड़ों के कैटलॉग, कीमतें एवं व्यापारिक शर्तें भेजीं। विश्वास में आकर शिकायतकर्ता ने करीब ₹37,800 के कपड़ों का ऑर्डर किया और Paytm के माध्यम से दो किश्तों में भुगतान किया। इसके बाद संबंधित प्रतिनिधि से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन मोबाइल बंद मिला तथा WhatsApp पर भी कोई जवाब नहीं मिला और ना ही उसे कोई सामान प्राप्त हुआ। शिकायत के आधार पर साइबर थाना NIT में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

पूछताछ में सामने आया कि आरोपित ने तुलसी टेक्सटाइल के नाम से फर्जी फर्म बना रखी थी और कॉलिंग के लिए कुछ लड़कियों को काम पर रखा हुआ था। ऑनलाइन ऑर्डर मिलने पर आरोपित ग्राहकों से संपर्क करता था तथा कपड़े भेजने के नाम पर एडवांस भुगतान अपने द्वारा उपलब्ध कराए गए बैंक खातों में डलवा लेता था। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से 7 मोबाइल फोन, एटीएम कार्ड, चेक बुक तथा ₹3,200 नकद बरामद किए हैं। आरोपित को माननीय अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!