पानी व सीवरेज के अवैध कनैक्शनों को वैध करने के लिए 21 दिसम्बर को 9 कैम्प आयोजित किए जायेंगे

फरीदाबाद, 18 दिसम्बर। फरीदाबाद नगर निगम के द्वारा सम्पत्ति कर, विकास शुल्क, पानी व सीवरेज चार्जिज की वसूली करने के लिए और पानी व सीवरेज के अवैध कनैक्शनों को वैध करने के लिए आगामी 21 दिसम्बर को  9 कैम्प आयोजित किए जायेंगे। निग्मायुक्त सोनल गोयल ने आज यहां यह जानकारी देते हुये बताया कि एन.एच.-2 के0 पार्क स्थित सामुदायिक केन्द्र, एन.एच.-5 मार्किट स्थित बारात घर, डबुआ-पाली रोड़ स्थित परशुराम गार्डन, सैक्टर-9 स्थित सामुदायिक केन्द्र, सूर्या नगर पार्ट-2 स्थित वार्ड कार्यालय, ऊंचा गांव स्थित शिव मंदिर, शिव कालोनी बल्लबगढ़ स्थित एम.बी.आर. एथैंस ग्रुप हाउसिंग सोसायटी के परिसर में, संजय एन्क्लेव चाचा चैक वार्ड-6 में स्थित एस.एम. पब्लिक स्कूल और सैनिक कालोनी सेक्टर-49 स्थित सामुदायिक केन्द्र में ये टैक्स कलैैक्शन कैम्प आयोजित किए जाएंगे। निग्मायुक्त ने करदाताओं से अपील की है कि वे अपने घरों के नजदीक लगाये जाने वाले इन कैम्पों में अपना कर जमा करवाने के इलावा अपने पानी व सीवर के अवैध कनैक्शनों को वैध करवायें।

निग्मायुक्त ने बताया कि गत 5 सितम्बर को सरकार के द्वारा अधिसूचित ब्याज माफी योजना के तहत जो संपत्ति करदाता अपने बकाया संपत्ति कर की पूरी राशि 31 दिसम्बर तक एकमुश्त जमा करवाएंगे तो उनका पिछला सारा ब्याज माफ कर दिया जाएगा और उन्हें ब्याज की एक बड़ी राशि का भुगतान नहीं करना होगा। इसके इलावा वर्तमान वित्तीय वर्ष 2019-20 के संपत्ति कर की राशि जमा करने पर 10 प्रतिशत की छूट भी निगम के द्वारा दी जा रही है। उन्होंने यह भी बताया कि संपत्ति करदाताओं को निगम प्रशासन की ओर से सरकार की ब्याज माफी योजना का उल्लेख करते हुए नोटिस भेजे जा रहे है । इन नोटिसों में संपत्ति कर की मूल राशि व कुल ब्याज का विवरण अलग-अलग से दर्शाया गया है जिससे करदाताओं को ब्याज माफी के कारण होने वाले लाभों के बारे में पता लग सकें। सोनल गोयल ने यह भी कहा कि यदि किसी भी करदाता को इस संबंध में कोई परेशानी आती है या उन्हें अभी तक ये नोटिस प्राप्त नहीं हुए है वे संबंधित संयुक्त आयुक्त या क्षेत्रिय एवं कर अधिकारी से मिलकर अपनी समस्या का समाधान करवा सकते है।

उन्होंने बताया कि इन कैम्पों में अपने पानी व सीवर के अवैध कनैक्शनों को वैध करवाने के लिए नागरिकों को किसी प्राईवेट पलम्बर आदि से फाईल बनवाने की कोई  आवश्यकता नहीं होगी और इसके लिए निर्धारित फार्म निगम के द्वारा मौके पर ही निःशुल्क उपलब्ध करवाया जाएगा। इसके इलावा रियायती दरों पर वैध किये जाने वाले इन कनैक्शनों की प्रक्रिया का सरलीकरण कर अनेकों औपचारिकताओं में भी छूट दी जाएगी। उन्होंने नागरिकों से अपील की है कि वे नगर निगम की इस योजना का लाभ अवश्य उठायें। उन्होंने बताया कि कि 100 वर्गगज प्लाट साईज के लिए पानी के कनैक्शन हेतू 1500 रूपये, सीवर के कनैक्शन हेतू 2000 रूपये (दोनों को मिलाकर 3000 रूपये), 101 वर्गगज से 250 वर्गगज प्लाट साईज के लिए पानी के कनैक्शन हेतू 2000 रूपये, सीवर के कनैक्शन हेतू 3500 रूपये (दोनों को मिलाकर 5000 रूपये), 251 वर्गगज से 500 वर्गगज प्लाट साईज के लिए पानी के कनैक्शन हेतू 6500 रूपये, सीवर के कनैक्शन हेतू 9500 रूपये (दोनों को मिलाकर 14000 रूपये), 500 वर्गगज से अधिक प्लाट साईज के लिए पानी के कनैक्शन हेतू 22000 रूपये, सीवर के कनैक्शन हेतू 24000 रूपये (दोनों को मिलाकर 38000 रूपये) और सभी प्लाट साईज के फ्लैटों के लिए पानी के कनैक्शनों हेतू 7000 रूपये, सीवर के कनैक्शन हेतू 7000 रूपये (दोनों को मिलाकर 14000 रूपये) शुल्क वसूला जाएगा।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!