आगरा कैनल रोड पर बदमाशों के साथ मुठभेड़, चोरी की वारदातों में वांछित दो बदमाश घायल, बड़ी वारदात की फिराक में थे आरोपी
नाकाबंदी के दौरान पुलिस टीम पर बदमाशों ने की फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में दोनों के पैर में लगी गोली

- अपराध शाखा सेक्टर-85 व सेंट्रल क्राइम ब्रांच की संयुक्त कार्रवाई, दोनों घायल बदमाश अस्पताल में उपचाराधीन
फरीदाबाद : अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत फरीदाबाद पुलिस की अपराध शाखा सेक्टर 85 व सेंट्रल की टीम ने 15/16 सितंबर की देर रात थाना खेड़ी पुल क्षेत्र में मुठभेड़ के दौरान चोरी की वारदातों में वांछित दो बदमाशों को काबू किया है। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी। घायल बदमाशों को उपचार के लिए सिविल अस्पताल फरीदाबाद में भर्ती कराया गया है, जिनकी स्थिति सामान्य है।
घायल आरोपियों की पहचान सोनू और राहुल, निवासी मोहन नगर, उत्तम नगर, दिल्ली के रूप में हुई है। दोनों आरोपी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की नीयत से फरीदाबाद आए थे।

सहायक पुलिस आयुक्त, अपराध-2 वरुण कुमार दहिया ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि 15/16 सितंबर की रात अपराध शाखा सेक्टर-85 की टीम को सूचना मिली थी कि फरीदाबाद में चोरी की वारदातों में वांछित दो आरोपी किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना के आधार पर अपराध शाखा सेक्टर 85 व सेंट्रल की टीम ने आगरा कैनल रोड पर नाकाबंदी की।
इसी दौरान दोनों आरोपी मोटरसाइकिल पर आते दिखाई दिए। पुलिस टीम को देखकर आरोपियों ने मोटरसाइकिल वापस मोड़कर भागने का प्रयास किया। पुलिस टीम द्वारा पीछा करने पर आरोपियों ने पुलिसकर्मियों पर करीब 5-6 राउंड फायरिंग की। पुलिस टीम की जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी। पुलिस ने दोनों को काबू कर कर उपचार के लिए सिविल अस्पताल फरीदाबाद पहुंचाया। मौका से एक पिस्टल, एक देसी कट्टा, एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल तथा 2 कारतूस बरामद हुए हैं।
दोनों आरोपियों का पूर्व में भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। सोनू के खिलाफ दिल्ली में लूट एवं घरों में चोरी सहित करीब 26 मामले, जबकि राहुल के खिलाफ करीब 11 आपराधिक मामले दर्ज बताए गए हैं। दोनों आरोपी फरीदाबाद के थाना ओल्ड फरीदाबाद तथा थाना सेक्टर-31 क्षेत्र में हुई चोरी की वारदातों में भी वांछित हैं। अपराध शाखा की टीम ने उनके एक साथी शिवम मोहन नगर, उत्तम नगर, दिल्ली को 15 सितंबर को गिरफ्तार किया था, जिसकी पूछताछ में आरोपितों द्वारा वारदात करने का खुलासा हुआ था।
उन्होंने आगे बताया कि दोनों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। जिनकी स्थिति सामान्य है। पूछताछ के दौरान फरीदाबाद सहित अन्य स्थानों पर हुई चोरी की वारदातों के संबंध में भी महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना है। आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है।
फरीदाबाद पुलिस अपराधियों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई कर रही है। पुलिस टीम द्वारा क्षेत्र में गश्त, नाकाबंदी एवं संदिग्ध व्यक्तियों की जांच के माध्यम से आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।



