पिता ने गृह कलेश के चलते अपने दो बच्चों की पानी में डुबोकर की हत्या, सीकरी पुलिस ने किया गिरफ्तार

फरीदाबाद : पुलिस आयुक्त विकास कुमार अरोड़ा के दिशा निर्देश के तहत कार्रवाई करते हुए सीकरी पुलिस ने आरोपी पिता को बच्चों की हत्या के जुर्म में गिरफ्तार किया है। पुलिस प्रवक्ता सूबे सिंह ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपी का नाम भगत है जो पलवल का रहने वाला है और फिलहाल श्याम कॉलोनी में रह रहा था और जेसी कंपनी में नौकरी करता था। आरोपी ने दोपहर करीब 1:00 बजे अपने दो बच्चों जिसमें 5 वर्षीय बेटी और 4 वर्षीय बेटा शामिल है दोनों बच्चों को लेकर शगुन गार्डन के पास स्थित एक 15 फीट गहरे कुएं में कूद गया जिसमें करीब 5-6 फुट पानी भरा हुआ था। आरोपी ने दोनों बच्चों को पानी में अपने पैरों के तले दबा लिया। आसपास के लोगों ने भागकर बच्चों को निकालने की कोशिश की और धीरेंद्र और नसीम ने कुएं में कूदकर आरोपी को धक्का दिया और बच्चों को दूसरे लोगों की सहायता से बाहर निकाला परंतु जब तक बच्चों को बाहर निकाला गया दोनों बच्चों की मृत्यु हो चुकी थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को काबू कर लिया वहीं दोनों बच्चों को बीके अस्पताल पहुंचाया गया जहां पर डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

बच्चों को बाहर निकालने वाले धीरेंद्र की शिकायत पर पुलिस द्वारा आरोपी के खिलाफ सेक्टर 58 थाने में हत्या की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज करके प्राथमिक पूछताछ की जा रही है। प्राथमिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपी की पहली पत्नी की 2 साले पहले मृत्यु हो चुकी है और जिससे उसे यह दोनों बच्चे थे। इसके पश्चात आरोपी ने दूसरी शादी कर ली और इसके पश्चात उनके घर में झगड़ा होना शुरू हो गया। आरोपी का कहना है कि उसकी दूसरी पत्नी बच्चों का सही से ख्याल नहीं रखती और आए दिन घर में कलेश रहता है इसलिए वह दोनों बच्चों को लेकर पानी में कूद गया जिससे उनकी मृत्यु हो गई। पुलिस पूछताछ पूरी होने के पश्चात आरोपी को अदालत में पेश करके जेल भेजा जाएगा।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!