गुम हुए 103 मोबाइल फोन ढूंढकर असली मालिकों को लौटाए, फरीदाबाद पुलिस की साइबर सेल का सराहनीय कार्य
फोन गुम होते ही तुरंत CEIR पोर्टल पर करें शिकायत, साइबर अपराधियों से बचाव में मिलेगी मदद : डीसीपी क्राइम राजेश कुमार मोहन

फरीदाबाद, 23 जून। फरीदाबाद पुलिस की साइबर सेल ने एक बार फिर अपनी तकनीकी दक्षता और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता का परिचय देते हुए पिछले एक माह के दौरान 103 मोबाइल फोन तलाश किये हैं। मंगलवार को पुलिस लाइन स्थित अपने कार्यालय में पुलिस उपायुक्त अपराध (डीसीपी क्राइम) राजेश कुमार मोहन ने बरामद किए गए मोबाइल फोन उनके मालिकों को लौटाए है।
मोबाइल फोन वापस मिलने पर लोगों के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दी। कई लोगों ने उम्मीद छोड़ दी थी कि उनका फोन कभी वापस मिलेगा, लेकिन फरीदाबाद पुलिस की साइबर सेल की मेहनत और तकनीकी जांच के चलते उनके खोए हुए मोबाइल उन्हें वापस मिल सके। फोन प्राप्त करने वाले नागरिकों ने फरीदाबाद पुलिस और साइबर सेल टीम का आभार व्यक्त करते हुए उनके कार्य की सराहना की।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि साइबर सेल फरीदाबाद ने केंद्र सरकार के सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर (CEIR) पोर्टल के माध्यम से प्राप्त शिकायतों पर कार्रवाई करते हुए गुमशुदा मोबाइल फोन को ट्रेस किया। तकनीकी विश्लेषण, डिजिटल ट्रैकिंग और विभिन्न नेटवर्क स्रोतों की सहायता से इन मोबाइल फोन की लोकेशन का पता लगाया गया और उन्हें बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों तक पहुंचाया गया।
उन्होंने बताया कि फरीदाबाद पुलिस इससे पहले भी बड़ी संख्या में गुम हुए मोबाइल फोन बरामद कर लोगों को वापस लौटा चुकी है। साइबर सेल लगातार ऐसे मामलों पर काम कर रही है ताकि लोगों की मेहनत की कमाई से खरीदे गए मोबाइल फोन वापस दिलाए जा सकें और उनके निजी डाटा को दुरुपयोग से बचाया जा सके।
इस अवसर पर डीसीपी क्राइम राजेश कुमार मोहन ने कहा कि वर्तमान समय में मोबाइल फोन केवल संचार का माध्यम नहीं रह गया है, बल्कि यह व्यक्ति की डिजिटल पहचान का महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुका है। मोबाइल फोन में बैंकिंग संबंधी जानकारी, निजी फोटो एवं वीडियो, महत्वपूर्ण दस्तावेज, सोशल मीडिया अकाउंट और अन्य संवेदनशील डाटा सुरक्षित रहता है। ऐसे में फोन गुम होने या चोरी होने की स्थिति में शातिर अपराधी उसका गलत इस्तेमाल कर सकते हैं।
उन्होंने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि जैसे ही किसी व्यक्ति का मोबाइल फोन गुम हो या चोरी हो जाए, उसे बिना देरी किए केंद्र सरकार के CEIR पोर्टल https://www.ceir.gov.in/Home/index.jsp पर शिकायत दर्ज करनी चाहिए। शिकायत दर्ज होने के बाद संबंधित मोबाइल को ट्रैक और ब्लॉक करने की प्रक्रिया शुरू हो जाती है, जिससे उसके दुरुपयोग की संभावना काफी हद तक कम हो जाती है।
डीसीपी क्राइम ने कहा कि नागरिक CEIR पोर्टल पर जाकर अपने गुमशुदा मोबाइल की सूचना दर्ज कर सकते हैं। इसके अलावा नजदीकी पुलिस स्टेशन या साइबर सेल से भी संपर्क किया जा सकता है। उन्होंने लोगों से अपने मोबाइल फोन की सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने, IMEI नंबर सुरक्षित रखने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की।



