शराब ठेकेदार से 1.53 लाख रुपये लूटने वाले चार आरोपी गिरफ्तार, पूर्व कर्मचारी ने रची थी साजिश

फरीदाबाद, 14 अगस्त। थाना कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत करीब 1.53 लाख रुपये लेकर घर जा रहे शराब ठेकेदार को टाउन नंबर 2 में रास्ते में रोककर रुपये लूटने के मामले में अपराध शाखा सेक्टर-48 की टीम ने 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि वारदात की साजिश शिकायतकर्ता के पूर्व कर्मचारी ने अपने साथियों के साथ मिलकर रची थी। आरोपी को पता था कि ठेके से रोजाना बिक्री के रुपये लेकर शिकायतकर्ता घर जाता है। जिनको अदालत में पेश कर 4 दिन पुलिस रिमांड पर लिया गया है।

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अमन यादव, सहायक पुलिस आयुक्त अपराध ने बताया कि शिकायतकर्ता चरण सिंह कन्हैया निवासी NIT-2 फरीदाबाद ने 16 जुलाई को पुलिस चौकी टाउन नंबर-2 में शिकायत दी कि डबुआ चौक पर उसका शराब का ठेका है। 15/16 जुलाई की रात वह ठेके से करीब 1 लाख 53 हजार रुपये लेकर मोटरसाइकिल से घर के लिए निकला था।

जब वह NIT-2 स्थित ई-ब्लॉक के पास पहुंचा तो वहां तीन युवक खड़े थे। जिन्होंने उसे रुकवाया और उसके हाथ से पैसों से भरा बैग छीनकर फरार हो गए। शिकायत के आधार पर थाना कोतवाली में मामला दर्ज कर अपराध शाखा सेक्टर48 की टीम द्वारा आरोपितों की तलाश शुरू की गई।

जांच के दौरान अपराध शाखा सेक्टर-48 की टीम ने 13 अगस्त को 4 आरोपितों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। जिनकी पहचान प्रिंस उर्फ राजा (23) निवासी जिला मधेपुरा, बिहार, हाल सोनिया विहार, दिल्ली, रवि उर्फ रोहित उर्फ मोटा (24) निवासी जिला मथुरा, उत्तर प्रदेश, हाल सोनिया विहार, दिल्ली, अमित पाल (23) निवासी सोनिया विहार, दिल्ली व अंकित उर्फ लप्पा (24) निवासी सोनिया विहार, दिल्ली के रूप में हुई है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि प्रिंस उर्फ राजा पहले शिकायतकर्ता के शराब के ठेके पर काम करता था। उसे 8 हजार रुपये प्रतिमाह के वेतन पर रखा गया था। शिकायतकर्ता द्वारा उसकी सैलरी के कुछ रुपये नहीं दिए गए, जिसके बाद उसने नौकरी छोड़ दी।

प्रिंस को जानकारी थी कि शिकायतकर्ता रोजाना ठेके की बिक्री के रुपये अपने साथ लेकर जाता है। इसी जानकारी का फायदा उठाकर उसने अपने साले अंकित के साथ मिलकर लूट की योजना बनाई और अपने दो अन्य साथी रवि तथा अमित को भी वारदात में शामिल कर लिया।

उन्होंने वारदात से पहले शिकायतकर्ता की गतिविधियों की रैकी की थी और वारदात को अंजाम देने के लिए दिल्ली के सोनिया विहार क्षेत्र से उन्होंने एक मोटरसाइकिल भी चोरी की थी।

आरोपितों ने घटनाक्रम से पहले भी वारदात को अंजाम देने की कोशिश की थी परंतु कामयाब नहीं हुए। 15/16 जुलाई की रात को कट्टा दिखाकर शिकायतकर्ता से रुपये से भरा बैग लूटकर मौके से फरार हो गए।

आरोपी रवि उर्फ रोहित के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट, एक्साइज एक्ट और लड़ाई-झगड़े से संबंधित तीन मामले दर्ज हैं। वहीं आरोपी प्रिंस उर्फ राजा के खिलाफ लड़ाई-झगड़े का एक मामला दर्ज है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!