ट्रैडिंग के नाम पर ठगी, खाताधारक सहित 5 आरोपी गिरफ्तार, खाते में आये थे ठगी के 25 लाख रुपये

फरीदाबाद : फरीदाबाद पुलिस की साइबर थानों की टीम द्वारा ठगों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है, इसी क्रम में साइबर थाना सेंट्रल टीम ने एक ठगी के मामले में खाताधारक सहित 5 आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि सेक्टर-78, फरीदाबाद वासी एक व्यक्ति ने साइबर थाना सैंट्रल में दी अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि नवम्बर 2024 में उसके व्हाट्सएप नम्बर पर ट्रैडिंग बारे एक मैसेज आया, फिर ट्रैडिंग के लिए उसकी बात ठगों से होने लगी, ठगों ने उसे SMC Customer Service में निवेश कर मोटा पैसा कमाने का लालच दिया। शिकायतकर्ता ने लालच में आकर निवेश के लिए 34,43,000/-रू ठगों के खाता में जमा करवा दिये। निवेश के कुछ समय बाद उसके निवेश खाता में लाभ के साथ 1,94,64,643/- रु की राशी खाता में दिखने लगी। जब उसने पैसे निकालने चाहे तो ठगों ने कमीशन के नाम पर 5 लाख रूपये की मांग की, जिस पर शिकायतकर्ता ने लालच में आकर 5 लाख भी ठगों को दे दिए। इसके बाद उससे फिर रूपये की मांग की गई, जिसपर उसे साइबर फ्राड होने का शक हुआ। जिस पर साइबर थाना सैंट्रल में संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया।
उन्होंने आगे जानकारी देते हुए बताया कि साइबर थाना सैंट्रल की टीम ने कार्रवाई करते हुए अविनाश रमिश ताम्बेकर(52), रिंकु अन्थोनी जेमस(40), लक्की रविन्द्र च्वहाण(30), आयुष सुरेन्द्र खडसे(22) व दिनेश देवी सिंह बम्होरे(24) वासी नागपुर महाराष्ट्र को गिरफ्तार किया है।
पूछताछ में सामने आया कि अविनाश खाताधारक है। जिसने अपना खाता आयुष, लक्की व रिंकू को दिया था। जिन्होंने यह खाता आगे दिनेश को दिया था व दिनेश ने यह खाता आगे ठगो को दे दिया था। अविनाश के खाते में ठगी के 25 लाख रुपये आए थे।
आगामी पूछताछ के लिए आयुष को 3 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है व वहीं अन्य आरोपियों को जेल भेजा गया है।



