बालिकाओं को स्वच्छता एवं स्वास्थ्य के प्रति किया जागरूक

पलवल। भारत उत्थान फाउंडेशन एवं रितु खुल्लर अकैडमी के संयुक्त तत्वावधान में गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल, पलवल में छात्राओं के लिए महिला स्वच्छता एवं हाइजीन जागरूकता संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बालिकाओं को व्यक्तिगत स्वच्छता, मासिक धर्म के दौरान होने वाली समस्याओं एवं उनके समाधान के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम में छात्राओं को पीरियड्स के दौरान अपनाई जाने वाली सावधानियों, स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक जानकारी तथा स्वच्छता के महत्व के बारे में विस्तार से बताया गया। इस अवसर पर भारत उत्थान फाउंडेशन की संस्थापक प्रतिभा तिवारी एवं रितु खुल्लर जी ने बालिकाओं को आत्मविश्वास एवं स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया।
भारत उत्थान फाउंडेशन की ओर से छात्राओं को सेनेटरी नैपकिन भी वितरित किए गए। कार्यक्रम में विद्यालय की प्रिंसिपल प्रभा शोभा जी का विशेष सहयोग प्राप्त हुआ। संस्था ने उनके सहयोग एवं मार्गदर्शन के लिए आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम की व्यवस्था एवं संचालन में कविता भूमि की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जबकि परवीन पुरी जी, नूपुर गुप्ता जी, रीना हन्स की सक्रिय सहभागिता ने कार्यक्रम को सफल बनाने में विशेष योगदान दिया।
इस अवसर पर रितु खुल्लर जी ने घोषणा की कि ग्रीष्मकालीन प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत उन बालिकाओं को, जिनके पिता नहीं हैं अथवा जो आर्थिक रूप से कमजोर हैं और आगे की शिक्षा एवं प्रशिक्षण प्राप्त करने में कठिनाई का सामना कर रही हैं, उन्हें रितु खुल्लर अकैडमी की ओर से निशुल्क ब्यूटी स्किल एवं अन्य प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।
कार्यक्रम में उपस्थित छात्राओं एवं शिक्षकों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक बताया।



