फरीदाबाद, गुरुग्राम और रेवाड़ी में नशा तस्करों पर एचएनसीबी का कसा शिकंजा, साढ़े तीन माह में 33 एफआईआर दर्ज, 36 आरोपी गिरफ्तार

कार्रवाई में हेरोइन, कोकीन, एमडीएमए, गांजा व पोस्त चूरा सहित नशीली दवाइयां बरामद

  • 261 जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से 53,695 लोगों को किया नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक

फरीदाबाद 09 सितंबर : हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो द्वारा नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। ब्यूरो प्रमुख एवं अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक श्री संजय कुमार, आईपीएस के दिशा-निर्देशन में नशा तस्करों के खिलाफ सूचना-आधारित कार्रवाई के साथ-साथ नशे की सप्लाई के स्रोत और नेटवर्क तक पहुंचने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

पुलिस उपमहानिरीक्षक फरीदाबाद राजेंद्र कुमार मीणा, आईपीएस के मार्गदर्शन में एचएनसीबी की फरीदाबाद, गुरुग्राम और रेवाड़ी यूनिटों ने साढ़े तीन महीने में (18 मई से 31 अगस्त 2026) नशा तस्करों के खिलाफ लगातार अभियान चलकर कार्रवाही की है।

इस अवधि के दौरान 33 एफआईआर दर्ज कर 36 आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनमें 9 कमर्शियल क्वांटिटी, 21 इंटरमीडिएट क्वांटिटी और 3 स्मॉल क्वांटिटी के मामले शामिल रहे।
कार्रवाई के दौरान कुल 136.06 ग्राम हेरोइन, 43.26 ग्राम कोकीन, 94.17 ग्राम एमडीएमए, 13.20 किलोग्राम गांजा और 12.394 किलोग्राम पोस्त चूरा बरामद किया गया। इसके अतिरिक्त 6,491 नशीली टैबलेट, 3,733 कैप्सूल, 386 इंजेक्शन और 34 सिरप की बोतलें भी बरामद की गईं।

फरीदाबाद यूनिट: 11 एफआईआर, 13 आरोपी गिरफ्तार

फरीदाबाद यूनिट ने 18 मई से 31 अगस्त 2026 के दौरान 11 एफआईआर दर्ज कर 13 आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनमें 2 कमर्शियल क्वांटिटी, 7 इंटरमीडिएट क्वांटिटी और 2 स्मॉल क्वांटिटी के मामले शामिल रहे।

यूनिट द्वारा 70.65 ग्राम हेरोइन, 2.32 किलोग्राम गांजा और 9.194 किलोग्राम पोस्त चूरा बरामद किया गया। इसके साथ ही 6,371 टैबलेट, 109 कैप्सूल, 386 इंजेक्शन और 14 बोतलें भी बरामद हुईं।

गुरुग्राम यूनिट: कोकीन और एमडीएमए समेत 16 आरोपी गिरफ्तार गुरुग्राम यूनिट ने उक्त अवधि में 15 एफआईआर दर्ज कर 16 आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनमें 5 कमर्शियल क्वांटिटी, 9 इंटरमीडिएट क्वांटिटी और 1 स्मॉल क्वांटिटी का मामला शामिल रहा। कार्रवाई के दौरान 30.87 ग्राम हेरोइन, 43.26 ग्राम कोकीन, 10.88 किलोग्राम गांजा, 3.20 किलोग्राम पोस्त चूरा और 94.17 ग्राम एमडीएमए बरामद की गई। इसके अलावा 120 टैबलेट, 24 कैप्सूल और 12 बोतलें भी जब्त की गईं।

रेवाड़ी यूनिट: 7 मामलों में 7 आरोपी गिरफ्तार रेवाड़ी यूनिट ने इस अवधि में 7 FIR दर्ज कर 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनमें 2 कमर्शियल क्वांटिटी और 5 इंटरमीडिएट क्वांटिटी के मामले शामिल रहे। यूनिट ने कार्रवाई के दौरान 34.54 ग्राम हेरोइन, 3,600 कैप्सूल और 8 बोतलें बरामद कीं।

सप्लाई नेटवर्क को तोड़ने पर विशेष फोकस

ब्युरो की कार्रवाई केवल नशीले पदार्थों की बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं है। मामलों की जांच के दौरान नशीले पदार्थों के स्रोत, सप्लायर तथा आगे की सप्लाई चेन के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। अधिकारियों द्वारा प्रत्येक मामले में उपलब्ध तथ्यों और जांच के आधार पर यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि नशीला पदार्थ कहां से आया और इसके पीछे कौन लोग सक्रिय हैं। विशेष रूप से कमर्शियल क्वांटिटी के मामलों में बड़े सप्लाई नेटवर्क तक पहुंचने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

एचएनसीबी का उद्देश्य नशे की सप्लाई करने वाले व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई के साथ-साथ उन नेटवर्क को भी कमजोर करना है, जिनके माध्यम से नशीले पदार्थ युवाओं और आमजन तक पहुंचते हैं।

कार्रवाई के साथ जागरूकता अभियान भी जारी
नशे की मांग को कम करने और युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए HSNCB द्वारा लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
डीआईजी राजेंद्र कुमार मीणा, आईपीएस के मार्गदर्शन में 18 मई से 31 अगस्त 2026 तक कुल 261 जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें 53,695 लोगों ने भाग लिया।

इन कार्यक्रमों में विद्यार्थियों, युवाओं, शिक्षकों, अभिभावकों तथा विभिन्न सामाजिक एवं सामुदायिक वर्गों को नशे के दुष्परिणामों के बारे में जागरूक किया गया। साथ ही लोगों को नशा तस्करी के खिलाफ पुलिस को सूचना देने के लिए भी प्रेरित किया गया।

डीआईजी राजेंद्र कुमार मीणा, आईपीएस ने कहा कि
“नशे के खिलाफ हमारी कार्रवाई का लक्ष्य केवल आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं, बल्कि पूरे सप्लाई नेटवर्क को चिन्हित कर उसकी जड़ों तक पहुंचना और उसे ध्वस्त करना है। फरीदाबाद रेंज में प्रवर्तन कार्रवाई के साथ-साथ जन-जागरूकता को भी अभियान का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाया गया है, ताकि नशे की सप्लाई और मांग—दोनों पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।”

आमजन से नशे के खिलाफ सहयोग की अपील
एचएनसीबी आमजन से अपील करती है कि नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में पुलिस का सहयोग करें। यदि किसी व्यक्ति को अपने आसपास नशीले पदार्थों की बिक्री, सप्लाई या तस्करी से संबंधित कोई जानकारी मिलती है, तो इसकी सूचना तुरंत हेल्पलाइन: 90508-91508, टोल-फ्री हेल्पलाइन: 1933 या ncbmanas.gov.in पर दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!