सीबीएसई नॉर्थ ज़ोन–II योगासन चैंपियनशिप में होली चाइल्ड पब्लिक स्कूल का स्वर्णिम प्रदर्शन
8 स्वर्ण, 2 रजत एवं 2 कांस्य पदक जीतकर राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए किया क्वालीफाई

फरीदाबाद : 24 से 28 जुलाई, 2026 तक भारतीय पब्लिक स्कूल, रेवाड़ी में आयोजित सीबीएसई नॉर्थ ज़ोन–II योगासन चैंपियनशिप 2026 में होली चाइल्ड पब्लिक स्कूल, सेक्टर-29, फरीदाबाद की छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 8 स्वर्ण, 2 रजत एवं 2 कांस्य पदक जीतकर विद्यालय एवं जिले का नाम गौरवान्वित किया।
अंडर-14 बालिका वर्ग में विद्यालय की अंकिता, अर्पिता, आराध्या, ऋषिका एवं कृतिका ने पारंपरिक टीम स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतकर प्रतियोगिता में अपनी श्रेष्ठता सिद्ध की। इसके अतिरिक्त अंकिता ने पारंपरिक एकल स्पर्धा में स्वर्ण पदक, ऋषिका एवं अर्पिता की जोड़ी ने रिदमिक पेयर स्पर्धा में स्वर्ण पदक, जबकि अंकिता एवं आराध्या की जोड़ी ने आर्टिस्टिक पेयर स्पर्धा में रजत पदक प्राप्त किया। वहीं आराध्या एवं अर्पिता ने पारंपरिक एकल स्पर्धा में कांस्य पदक अपने नाम किए।

विद्यालय पहुंचने पर विद्यालय के डायरेक्टर श्री साकेत भाटिया ने सभी विजेता छात्राओं का स्वागत करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती अंशु टंडन ने कहा कि विद्यालय के विद्यार्थी शिक्षा के साथ-साथ खेल एवं अन्य सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में भी निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि हरियाणा, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, चंडीगढ़, जम्मू-कश्मीर एवं लद्दाख सहित विभिन्न राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों के 500 से अधिक प्रतिभागियों के बीच विद्यालय की छात्राओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विद्यालय एवं फरीदाबाद का नाम रोशन किया।

विद्यालय के योगासन कोच श्याम कुमार ने बताया कि इस शानदार प्रदर्शन के आधार पर विद्यालय की टीम ने सितंबर माह में फरीदाबाद स्थित आशा ज्योति विद्यापीठ में आयोजित होने वाली सीबीएसई राष्ट्रीय योगासन चैंपियनशिप के लिए क्वालीफाई कर लिया है।
विद्यालय परिवार ने सभी विजेता छात्राओं, उनके अभिभावकों, टीम मैनेजर वंदना शर्मा तथा कोच श्याम कुमार को इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर हार्दिक बधाई देते हुए राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं।



