नर्क से भी बदतर हालात में जीने को मजबूर जवाहर कॉलोनी निवासी, पांच माह से गंदगी और जलभराव से त्रस्त
शिकायतों के बावजूद नहीं हुई सुनवाई, गुस्साए लोगों ने तीज के दिन लगाया जाम

फरीदाबाद : जवाहर कॉलोनी की गली नंबर-दो के निवासी पिछले पांच महीनों से नारकीय हालात में जीवन जीने को मजबूर हैं। सीवर जाम, टूटी सड़क, जलभराव और फैली गंदगी ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। हालात इतने खराब हैं कि गली से निकलना दूभर हो गया है, महिलाएं और बच्चे कई बार फिसलकर गिर चुके हैं, बुजुर्गों का बाहर निकलना भी मुश्किल हो गया है।
यह गली आधी वार्ड नंबर 8 और आधी वार्ड नंबर 9 में आती है। दोनों ही वार्डों के पार्षदों – राकेश महेश लोहिया और संगीता भाटिया, तथा स्थानीय विधायक सतीश को कई बार शिकायत दी जा चुकी है। साथ ही नगर निगम कमिश्नर, डीसी फरीदाबाद और सीएम विंडो पर भी लिखित शिकायत की गई है। इसके बावजूद कोई समाधान नहीं हुआ।

स्थानीय निवासियों के अनुसार, करीब पांच महीने पहले पेयजल पाइपलाइन डालने के बाद पूरी सड़क तोड़ दी गई थी। मिट्टी और मलबा नालियों और सीवर में भर गया, जिससे गंदा पानी गली में भरने लगा। बरसात ने हालात और बिगाड़ दिए। जहां एक ओर स्मार्ट सिटी और स्वच्छ भारत के दावे किए जा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर लोग गंदगी में जीने को मजबूर हैं। अब देखना होगा कि प्रशासन कब तक नींद से जागता है और लोगों को इस नर्क से राहत मिलती है। ञ्चयोंकि अब लोगों के घरों में सीवरेज का गंदा पानी आ रहा है। सीवरेज के कारण मकानों की नीव तक बैठने लगी है।
तीज के दिन फूटा गुस्सा, महिलाओं ने किया प्रदर्शन
रविवार को महिलाओं सहित दर्जनों गली वासियों ने एयरफोर्स चौक (60 फुट रोड) पर जाम लगा दिया। लोगों का कहना था कि वे लाखों रुपये टैक्स देने के बावजूद गंदगी और बदबू में जी रहे हैं। मौके पर थाना सारन प्रभारी रण सिंह टीम के साथ पहुंचे और लोगों को समझा-बुझाकर जाम खुलवाया। सीईटी परीक्षा का हवाला देकर पुलिस ने छात्र-छात्राओं को होने वाली परेशानी को गिनाया, तब जाकर जाम समाप्त किया गया।
प्रशासनिक उदासीनता से नाराज़ लोग
निवासियों ने कहा कि नेताओं और अधिकारियों से बार-बार गुहार लगाने के बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है। समस्या के समाधान का आश्वासन हर बार मिला, लेकिन धरातल पर कोई काम नहीं हुआ। अब लोगों ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे बड़े स्तर पर प्रदर्शन करेंगे।



