ट्रैफिक ताऊ ने फिरोजपुर स्थित करहाना सीनियर सेकेंडरी स्कूल पहुंचकर छात्र छात्राओं को सड़क दुर्घटना, बाल अपराध तथा नशे से बचाव के प्रति किया जागरूक

फरीदाबाद : डीसीपी ट्रैफिक नीतीश कुमार अग्रवाल द्वारा सड़क सुरक्षा, यातायात, महिला व बाल अपराध, साइबर क्राइम तथा नशे के विरुद्ध जागृति अभियान चलाकर आमजन को जागरूक करने के दिशा निर्देश के तहत कार्य करते हुए यातायात पुलिस में तैनात ट्रैफिक ताऊ वीरेंद्र ने अपनी टीम के साथ फिरोजपुर स्थित करहाना सीनियर सेकेंडरी स्कूल पहुंचकर छात्र छात्राओं को जागरूक किया।

पुलिस प्रवक्ता सूबे सिंह ने बताया कि स्कूल के प्रिंसिपल धर्मेंद्र करहाना ने पुलिस टीम का स्वागत किया और उन्हें बच्चों को विभिन्न सामाजिक मुद्दों के बारे में जागरूक करने के लिए आमंत्रित किया। इसके पश्चात ट्रैफिक ताऊ ने स्कूल में मौजूद करीब 700 बच्चों को यातायात व सड़क सुरक्षा के बारे में जागरूक करते हुए बताया कि छोटे बच्चे मन के बहुत चंचल होते हैं और उनका मन खेलकूद में अधिक लगता है। बच्चे अपने घर या स्कूल में बाहर आते जाते समय अपने दोस्तों के साथ खेलने में मगन रहते हैं परंतु कई बार उनके घर या स्कूल के बाहर आने जाने वाले वाहनों का संतुलन बिगड़ने या तेज गति में वाहन चलाने की वजह से वाहन बच्चों के साथ दुर्घटनाग्रस्त हो सकता है जिसकी वजह से उन्हें चोट पहुंच सकती है।

उन्होंने बताया कि कुछ बच्चे नया नया मोटरसाइकिल चलाना सीखते हैं और वह बिना हेलमेट की मोटर साइकिल की सवारी करना पसंद करते हैं क्योंकि उन्हें लगता है कि हेलमेट लगाने से उनके बाल खराब हो जाते हैं परंतु ध्यान रखना चाहिए हेलमेट उनकी सुरक्षा के लिए ही बनाया गया है। सड़क पर यात्रा करते समय यदि कोई दुर्घटना घटित हो जाती है तो हेलमेट किसी व्यक्ति की जान बचाने में बहुत मददगार साबित होता है इसीलिए सड़क पर यात्रा करते समय सुरक्षा का पूरा ध्यान रखें तथा हेलमेट व सीट बेल्ट इत्यादि लगा कर रखें। इसके अलावा बच्चों को बाल अपराध के प्रति जागरूक करते हुए उन्होंने बताया कि कुछ लोग बच्चों का बहुत शोषण करते हैं और उनसे उन्हें पढ़ाने की बजाय उनसे मजदूरों की तरह काम करवाते हैं। कुछ अपराधी किस्म के व्यक्ति लापता हुए बच्चों को अपने साथ ले जाकर उन्हें अपराध की दुनिया में धकेल देते हैं और उनसे नशा तस्करी व भीख मंगवाने का घिनौना अपराध करते हैं इसलिए कभी भी बिना बताए घर से बाहर न जाए तथा अपने माता पिता की बातों का सम्मान करते हुए उनकी आज्ञा का पालन करें।

छात्र-छात्राओं को जागरूक करने के पश्चात ट्रैफिक ताऊ ने बच्चों को उक्त बातों का ध्यान रखते हुए नशा ना करने और सड़क पर यात्रा करते समय सड़क सुरक्षा के मद्देनजर सुरक्षा उपकरणों का उपयोग करने की शपथ दिलवाई। कार्यक्रम के समापन पर बच्चों ने पुलिस टीम द्वारा चलाए गए इस जागरूकता अभियान की सराहना करते हुए उनका तहे दिल से धन्यवाद किया।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!