एनआईटी 86 विधानसभा से नीरज शर्मा ने अपना नामांकन किया दाखिल

फरीदाबाद : एनआईटी 86 से नीरज शर्मा जवाहर कालोनी अपने निवास पर सुबह हवन पूजा कर अपना नामांकन पत्र दाखिल करने जा रहे थे कि लोगों का हुजुम उमड़ पड़ा। नीरज शर्मा जिंदाबाद, हम तुम्हारे साथ हैं के नारे सडक़ों पर गूंज उठे। नीरज शर्मा का काफिला देखते ही बन रहा था मानो नीरज शर्मा लोगों की उम्मीदों पर खरा उतरेंगे।
दोपहर को नीरज शर्मा ने अपना नामांकन दाखिल किया। नामांकन दाखिल करने के बाद उन्होंने कहा कि मेरे साथ परिवार, समर्थक और कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति रही। यह कदम क्षेत्र की जनता की सेवा, उनके अधिकारों की रक्षा, और फरीदाबाद के विकास के लिए मेरे दृढ़ संकल्प का प्रतीक है। जनता के आशीर्वाद और समर्थन से हम NIT 86 के लिए सकारात्मक बदलाव लाने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।

उन्होंने कहा कि उनके पिता पंडित शिवचरण लाल शर्मा जी ने पूरे एनआइटी-86 को अपना परिवार माना था। वह लोगों के साथ हर कदम पर खड़े रहे। अपने पिता की तरह वह भी एनआइटी-86 के लोगों के साथ हर कदम पर खड़े रहेंगे ताकि एनआइटी-86 को पूरे प्रदेश की सर्वश्रेष्ठ विधानसभा बनाने का बाबा का सपना पूरा हो सके।
नीरज शर्मा ने कहा कि मेरी लड़ाई इस भ्रष्ट सरकार से है जो भ्रष्टाचार और घोटालों में लिप्त है। जनता को समझ आ गया है कि भाजपा सरकार के भ्रष्टाचारी नेताओं को किस प्रकार सबक सिखाना है और इनके द्वारा दिए गए नरकीय जीवन से कैसे छुटकारा पाना है।



