जे.सी.बोस विश्वविद्यालय के मीडिया विद्यार्थियों ने भोपाल शैक्षणिक भ्रमण से संस्कृति और विरासत को करीब से जाना

फरीदाबाद, 29 सितंबर। जे.सी. बोस विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, वाईएमसीए के संचार एवं मीडिया प्रौद्योगिकी विभाग के स्नातकोत्तर विद्यार्थियों ने भोपाल का तीन दिवसीय शैक्षणिक दौरा किया। जिसका सहायक प्रोफेसर डॉ. सोनिया हुड्डा और डॉ. कुमार मौसम ने मार्गदर्शन किया। इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को कक्षा के सैद्धांतिक ज्ञान को मीडिया, पत्रकारिता, संस्कृति और पर्यावरण के व्यावहारिक अनुभवों से जोड़ना।
यात्रा के दौरान विद्यार्थियों ने कई प्रमुख संस्थानों और ऐतिहासिक स्थलों का दौरा किया जिसमें उन्होंने भारतीय पत्रकारिता के इतिहास, पुराने समाचार-पत्रों, पत्रिकाओं और दस्तावेजों के माध्यम से पत्रकारिता के विकास और बदलते स्वरूप को समझा। विद्यार्थियों ने विश्वविद्यालय की रजिस्ट्रार प्रो. पी. शशिकला और आईआईएमसी के पूर्व डीजी प्रो. संजय द्विवेदी से मुलाकात की। उन्होंने मीडिया शिक्षा, डिजिटल मीडिया, तकनीकी बदलावों और करियर की संभावनाओं पर विद्यार्थियों से संवाद किया।

मीडिया क्षेत्र में अपना लंबा अनुभव रखने वाले संपादकों महेश और पवन कुमार सोनी के साथ बातचीत के दौरान विद्यार्थियों ने समाचार चयन, रिपोर्टिंग, न्यूज़ रूम की कार्यप्रणाली, पेज डिजाइनिंग और प्रिंट व डिजिटल मीडिया के तालमेल को करीब से जाना। विद्यार्थियों ने वन विहार राष्ट्रीय उद्यान में जैव विविधता और वन्यजीव संरक्षण को समझा। इसके अलावा जनजातीय संग्रहालय और इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मानव संग्रहालय में देश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, पारंपरिक आवासों और जनजातीय जीवन शैली का अवलोकन किया।
विभागाध्यक्ष प्रो.पवन सिंह ने इस यात्रा को विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि ऐसे भ्रमण विद्यार्थियों में व्यावहारिक ज्ञान, आत्मविश्वास और रचनात्मक दृष्टिकोण विकसित करते हैं। इस प्रकार, यह शैक्षणिक यात्रा पत्रकारिता, जनसंचार और संस्कृति के विभिन्न पहलुओं को समझने में अत्यंत ज्ञानवर्धक साबित हुई।



