Mahila Police Station, Ballabhgarh, Faridabad में मेट्रो हॉस्पिटल की टीम द्वारा “मेंटल हेल्थ प्रोग्राम” का आयोजन

फरीदाबाद : पुलिस आयुक्त सतेंद्र कुमार गुप्ता के दिशा-निर्देशानुसार 14 अक्टूबर को महिला थाना बल्लभगढ फरीदाबाद में “मेंटल हेल्थ प्रोग्राम” का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का संचालन मेट्रो हॉस्पिटल फरीदाबाद की टीम द्वारा किया गया।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि कार्यक्रम में डॉ. स्वाति, हॉस्पिटल स्टाफ पुनीत शर्मा एवं अनुज तोमर ने उपस्थित पुलिसकर्मियों को मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियाँ दीं। डॉ. स्वाति ने कहा कि “मानसिक स्वास्थ्य शारीरिक स्वास्थ्य जितना ही जरूरी है। तनाव, चिंता या अवसाद जैसी स्थितियों में खुलकर बात करना और विशेषज्ञ की सलाह लेना आवश्यक है।”

मेट्रो हॉस्पिटल टीम ने विभिन्न उदाहरणों के माध्यम से बताया कि कैसे नियमित ध्यान, सकारात्मक सोच और समय का सही प्रबंधन व्यक्ति के मानसिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाता है। इस अवसर पर महिला थाना बल्लभगढ की प्रभारी निरीक्षक सुनीता एवं स्टाफ ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई। उपस्थित सभी कर्मियों को तनाव प्रबंधन एवं कार्यस्थल पर मानसिक संतुलन बनाए रखने के उपाय बताए गये।
कार्यक्रम का उद्देश्य पुलिस कर्मियों में मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना था, ताकि वे स्वयं तथा अपने परिवार के मानसिक स्वास्थ्य का बेहतर ख्याल रख सकें। कार्यक्रम के अंत में पुलिस विभाग की ओर से मेट्रो हॉस्पिटल की टीम का धन्यवाद किया गया और भविष्य में ऐसे जागरूकता कार्यक्रम निरंतर आयोजित करने की बात कही गई।



