शिक्षक दिवस पर विद्यार्थियों ने संभाली शिक्षकों की भूमिका, पढ़ाया और समझी शिक्षक की जिम्मेदारी

फरीदाबाद, 5 सितंबर। ओल्ड फरीदाबाद स्थित नवोदय सरस्वती सीनियर सेकेंडरी स्कूल में शिक्षक दिवस बड़े उत्साह और गरिमापूर्ण वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण विद्यालय के वरिष्ठ कक्षाओं के विद्यार्थियों द्वारा एक दिन के लिए शिक्षकों की भूमिका निभाना रहा। विद्यार्थियों ने अपने अध्यापकों का रूप धारण कर जूनियर कक्षाओं में अध्यापन कार्य किया और बच्चों को विभिन्न विषय पढ़ाए।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात भारत के महान शिक्षाविद् एवं पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई।
विद्यार्थियों द्वारा शिक्षक की भूमिका निभाने की पहल का उद्देश्य उन्हें केवल अध्यापन का अनुभव कराना ही नहीं, बल्कि शिक्षक के दायित्व, अनुशासन, धैर्य, समय प्रबंधन और विद्यार्थियों के प्रति जिम्मेदारी का वास्तविक अनुभव कराना था। एक दिन के इस अनुभव के दौरान बच्चों ने महसूस किया कि कक्षा में पढ़ाना जितना सहज दिखाई देता है, उसके पीछे शिक्षक की कितनी मेहनत, तैयारी और जिम्मेदारी होती है।
इस अवसर पर समाजसेवी एवं युवा नेता करण सिंगला विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाने के लिए विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों द्वारा निभाई गई शिक्षक की भूमिका की सराहना करते हुए उनके आत्मविश्वास और प्रयासों की प्रशंसा की।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों में शिक्षक बनने को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला। प्रिंसिपल की जिम्मेदारी 12th कक्षा की छात्रा अवनी ने निभाई । विद्यार्थियों ने कक्षा में उपस्थित होकर अपने साथियों को पढ़ाया, प्रश्न पूछे और अनुशासन बनाए रखने का प्रयास किया। इस गतिविधि ने विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास, संवाद कौशल एवं जिम्मेदारी की भावना को मजबूत किया
विद्यालय प्रिंसिपल डॉ गौरव पाराशर ने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियों का उद्देश्य विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ-साथ जीवन के व्यावहारिक अनुभव प्रदान करना है, ताकि वे शिक्षक के महत्व और समाज निर्माण में उनकी भूमिका को बेहतर ढंग से समझ सकें।
कार्यक्रम के समापन पर अतिथियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने मिलकर रिफ्रेशमेंट का आनंद लिया और विद्यालय के कोऑर्डिनेटर श्रेय पाराशर ने अतिथि विद्यार्थीअध्यापक और अध्यापकों के साथ बैठकर शिक्षक दिवस की खुशियां साझा कीं।



