संचार एवं मीडिया प्रौद्योगिकी विभाग द्वारा आयोजित ‘पोर्टफोलियो प्रदर्शनी’ 21 नवंबर को
जे.सी. बोस विश्वविद्यालय में के संचार एवं मीडिया प्रौद्योगिकी विभाग की विशेष पहल

- विद्यार्थी विविध प्रतिभाओं और कौशल-आधारित क्षमताओं को करेंगे प्रदर्शित: प्रो पवन सिंह
फरीदाबाद, 20 नवंबर : जे.सी. बोस विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, वाईएमसीए, फरीदाबाद के संचार एवं मीडिया प्रौद्योगिकी विभाग द्वारा 21 नवंबर (शुक्रवार) को शाकुंतलम सभागार में “पोर्टफोलियो प्रदर्शनी-2025” का भव्य आयोजन किया जा रहा है। इस प्रदर्शनी में विभाग के मीडिया, सोशल वर्क और विजुअल कम्युनिकेशन के अंतिम वर्ष (स्नातक और स्नातकोत्तर) के विद्यार्थियों द्वारा फोटोग्राफी, वीडियो प्रोडक्शन, ग्राफिक डिजाइन, डिजिटल मीडिया, प्रिंट पत्रकारिता, विज्ञापन व अन्य रचनात्मक क्षेत्रों में तैयार किए गए उत्कृष्ट प्रोजेक्ट्स और पोर्टफोलियो का प्रदर्शन होगा। यह आयोजन छात्रों की कला, तकनीकी कौशल और रचनात्मकता को मीडिया जगत व उद्योग विशेषज्ञों के सामने प्रस्तुत करने का महत्वपूर्ण मंच होगा। जो छात्रों के प्रशिक्षण और प्लेसमेंट पर केंद्रित है। आयोजन में विशिष्ट अतिथि के रूप में एनडीटीवी के प्रबंध निदेशक अखिलेश शर्मा और भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं हरियाणा मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार राजीव जेटली उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय कुलगुरु प्रो. राजीव कुमार करेंगे। सह-संरक्षक के रूप में प्रो. अनुराधा शर्मा, डीन व संयोजक के रूप में प्रो. पवन सिंह, अध्यक्ष, संचार एवं मीडिया प्रौद्योगिकी विभाग उपस्थित रहेंगे।
चेयरपर्सन प्रो. पवन सिंह ने बताया कि विभाग द्वारा आयोजित यह चौथी वार्षिक पोर्टफोलियो प्रदर्शनी है। जिसमें विभाग के मीडिया, सोशल वर्क और विजुअल कम्युनिकेशन के अंतिम वर्ष (स्नातक और स्नातकोत्तर) के विद्यार्थी विविध प्रतिभाओं और कौशल-आधारित क्षमताओं को प्रदर्शित करेंगे। यह प्रदर्शनी विशेष रूप से अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों की व्यावसायिक तैयारी और उद्योग की मांगों को पूरा करने की उनकी क्षमता का प्रमाण है।



