पैसों के लेनदेन को लेकर हुई अनबन का लिया बदला, चचेरे भाई के घर में लगाई आग
कपड़े बदलने के बहाने चोबारे में पहुंचा आरोपी, आगजनी की वारदात को दिया अंजाम

फरीदाबाद। थाना धौज क्षेत्र के गांव आलमपुर में पैसों के लेनदेन को लेकर हुई अनबन के बाद चचेरे भाई के घर में आग लगाने के मामले में थाना धौज पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया है। जिसकी पहचान गुलशन निवासी गांव आलमपुर, फरीदाबाद के रूप में हुई है। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी का शिकायतकर्ता के साथ पैसों का लेनदेन था, जिसे लेकर दोनों के बीच अनबन चल रही थी। इसी रंजिश के चलते आरोपी ने शिकायतकर्ता के घर में जाकर आगजनी की वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि गांव आलमपुर निवासी प्रवीण ने थाना धौज में शिकायत दी थी कि 6 अगस्त 2026 को उसके ताऊ का लड़का गुलशन उसके घर आया था। बारिश में भीगने के कारण गुलशन ने कपड़े बदलने की बात कही और घर के चोबारे में चला गया।
शिकायत के अनुसार, इसी दौरान गुलशन ने चोबारे में आग लगा दी। घटना की जानकारी होने पर मामले की शिकायत पुलिस को दी गई। शिकायत के आधार पर थाना धौज में संबंधित धाराओं के तहत अभियोग दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना धौज की पुलिस टीम ने जांच शुरू की और आरोपी की तलाश में कार्रवाई की। पुलिस टीम ने आरोपी गुलशन निवासी गांव आलमपुर, फरीदाबाद को गिरफ्तार किया है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार पूछताछ में आरोपी गुलशन ने बताया कि उसका प्रवीण के साथ पैसों का लेनदेन था। इसी लेनदेन को लेकर दोनों के बीच विवाद एवं अनबन हो गई थी। आरोपी के मन में इस बात को लेकर रंजिश थी और वह प्रवीण से बदला लेना चाहता था।
इसी रंजिश के चलते आरोपी 6 अगस्त को प्रवीण के घर पहुंचा। बारिश में भीगने की बात कहते हुए उसने कपड़े बदलने के बहाने चोबारे में प्रवेश किया और वहां आग लगा दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से चला गया।



