डॉक्टर से अपॉइंटमेंट के लिए इंटरनेट पर खोज रहा था नंबर, 95,105 रुपये की साइबर ठगी
साइबर थाना NIT ने जयपुर से तीन आरोपितों को किया गिरफ्तार, 3 दिन के पुलिस रिमांड पर

फरीदाबाद : डॉक्टर का अपॉइंटमेंट लेने के लिए इंटरनेट पर मोबाइल नंबर सर्च करना सैनिक कॉलोनी, सेक्टर-49 निवासी एक व्यक्ति को महंगा पड़ गया। साइबर ठगों ने फोन पर संपर्क कर उसे अपने जाल में फंसाया और उसके बैंक खाते से 95,105 रुपये निकाल लिये। मामले में कार्रवाई करते हुए साइबर थाना NIT की टीम ने जयपुर, राजस्थान से तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस प्रवक्ता अनुसार सैनिक कॉलोनी, सेक्टर-49 निवासी एक व्यक्ति ने बताया कि उसने डॉक्टर का अपॉइंटमेंट बुक कराने के उद्देश्य से इंटरनेट पर मोबाइल नंबर की तलाश की थी। इसी दौरान उसके पास एक अज्ञात नंबर से फोन आया। कॉल करने वाले ने उसकी पत्नी का नाम सहित अन्य जानकारी पूछी और बातचीत के दौरान उसे विश्वास में लिया और उसके खाते से चार अनधिकृत 2 जुलाई को UPI ट्रांजैक्शन के माध्यम से कुल 95,105 रुपये निकाल लिये। शिकायत के आधार पर साइबर थाना NIT में संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच आरंभ की गई।
उन्होंने आगे बताया कि साइबर थाना NIT की टीम ने राहुल निवासी ए.के. गोपालन नगर, जयपुर, रवि निवासी गणेश नगर, जयपुर तथा यश निवासी शारदा कॉलोनी, जयपुर, राजस्थान को 14 सितंबर को गिरफ्तार किया है।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि राहुल खाताधारक है। उसने स्मार्ट ऐज सॉल्यूशन नाम से एक फर्म के नाम पर करंट खाता खुलवाया था, जिस खाता को रवि व यश के माध्यम से साइबर ठगों तक पहुंचाया गया। जिस खाता में ठगी की रकम में से 79,892 रुपये आए थे। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपित यश जयपुर हाई कोर्ट में वकालत करता है, जबकि रवि जयपुर में कोचिंग देने का काम करता है।
साइबर थाना NIT की टीम ने तीनों आरोपितों को गिरफ्तार कर माननीय अदालत में पेश किया, जहां से आगामी पूछताछ एवं जांच के लिए आरोपितों को 3 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।



