मारपीट कर मोबाइल व नकदी लूटने के मामले में 6 आरोपित गिरफ्तार
अपराध शाखा सेंट्रल की टीम ने वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल व मोबाइल फोन बरामद किया

फरीदाबाद : 5/6 सितम्बर की रात सेक्टर-75 के समीप एक व्यक्ति के साथ मारपीट कर उसका मोबाइल फोन, नकदी व अन्य सामान लूटने के मामले में अपराध शाखा सेंट्रल की टीम ने कार्रवाई करते हुए 6 आरोपितों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नवीन निवासी गांव बड़ौली, सागर निवासी सकुवापुर, जिला हरदोई, उत्तर प्रदेश, हाल एकता एन्क्लेव, गांव नीमका, संजीव उर्फ संजू निवासी गांव नचौली, आकाश निवासी निबोहरा, जिला आगरा, उत्तर प्रदेश, हाल डबुआ, रविन्द्र उर्फ दीपक निवासी डिगोत, पलवल तथा गोपाल निवासी गांव बुराना, जिला डीग, राजस्थान के रूप में हुई है।
पुलिस प्रवक्ता अनुसार सेक्टर-15ए, फरीदाबाद निवासी शिकायतकर्ता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 5/6 सितम्बर की रात करीब 1:30 बजे वह अपनी कार से घर लौट रहा था। जब वह डिस्कवरी चौक से सेक्टर-75 की ओर जा रहा था, तभी गलत दिशा से आ रही एक टैक्सी ने उनकी कार के आगे अपनी गाड़ी रोक दी। इसके बाद टैक्सी चालक व उसके साथी ने शिकायतकर्ता के साथ गाली-गलौज एवं बहस शुरू कर दी तथा फोन करके अपने अन्य साथियों को मौके पर बुला लिया। कुछ ही देर में दो मोटरसाइकिलों पर अन्य युवक मौके पर पहुंच गए और सभी ने उसके साथ मारपीट की। उसका मोबाइल फोन तथा करीब 6,000 रुपये नकद व आधार कार्ड लेकर फरार हो गए। शिकायत पर थाना BPTP में मामला दर्ज कर जांच आरंभ की गई थी।
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपी रविन्द्र और आकाश गलत दिशा से गाड़ी लेकर आ रहे थे। उन्होंने शिकायतकर्ता की कार के आगे अपनी गाड़ी लगाकर गाली-गलौज की और फिर अपने अन्य साथियों को फोन कर घटनास्थल पर बुलाया। जिस पर नवीन, सागर, संजू व गोपाल मोटरसाइकिलों पर वहां पहुंचे और सभी ने मिलकर शिकायतकर्ता के साथ मारपीट की और उसका मोबाइल व पर्स लूट कर मौका से भाग गये।
उन्होंने आगे बताया कि पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल व लूटा गया मोबाइल फोन बरामद कर लिया है। रविन्द्र व आकाश को एक दिन पुलिस रिमांड पर लिया गया है, जबकि अन्य को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।



