सुसाइड नोट- ‘पापा, आई एम सॉरी – तीन सगी बहनों ने की आत्महत्या

गाजियाबाद : उत्तर प्रदेश स्थित गाजियाबाद के थाना टीला मोड़ क्षेत्र की भारत सिटी सोसायटी में एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है ! यहां तीन सगी बहनों ने एक साथ आत्महत्या कर ली ! घटना देर रात करीब 2 बजे की है ! भारत सिटी के बी 1 टावर की नौवीं मंजिल से 16 वर्षीय निशिका, 14 वर्षीय प्राची और 12 वर्षीय पाखी ने कूदकर अपनी जान दे दी !
पुलिस के मुताबिक फ्लैट नंबर 907 में रहने वाली तीनों बहनें ऑनलाइन गेमिंग की आदी थीं ! परिवार के मना करने पर तीनों ने यह घातक कदम उठाया ! परिजनों का कहना है कि तीनों बहनें पिछले करीब दो साल से स्कूल भी नहीं जा रही थीं और ज्यादातर समय मोबाइल गेम खेलने में बिताती थीं !
पुलिस जांच में सामने आया है कि घटना से पहले रात करीब 2 बजे तीनों बहनों ने कमरे को अंदर से बंद किया ! इसके बाद स्टूल लगाया और बालकनी से नीचे कूद गईं ! सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों को तत्काल लोनी के अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया !
पुलिस को मिला 8 पन्नों का सुसाइड नोट : मौके से पुलिस को एक पॉकेट डायरी मिली है, जिसमें आठ पन्नों का सुसाइड नोट लिखा हुआ है ! सुसाइड नोट में तीनों बहनों ने अपने गेम और अन्य मोबाइल गतिविधियों का जिक्र किया है ! लिखा गया है कि उन्हें गेम से बहुत प्यार है और वे गेम नहीं छोड़ सकतीं ! सुसाइड नोट के अंत में पापा आई एम सॉरी लिखा हुआ है !
पुलिस के अनुसार गेम में बीच वाली बहन प्राची बॉस की भूमिका में थी ! तीनों बहनें खाना खाने से लेकर रोजमर्रा के सभी काम एक साथ किया करती थीं !
उधर, नाबालिगों के पिता ने कहा, ‘उन्होंने मुझसे कहा था, ‘पापा, हम कोरियन नहीं छोड़ सकते ! कोरियन हमारी ज़िंदगी है. कोरियन हमारे लिए सब कुछ है ! आप हमें इससे अलग नहीं कर सकते ! हम अपनी जान दे देंगे !’ मैंने अभी सुसाइड नोट देखा है ! यह बहुत दुखद है ! मैं सभी माता-पिता से अपील करता हूं कि वे सावधान रहें और यह पक्का करें कि बच्चे गेम्स से इतने गहरे से न जुड़ें !’



