25 किलो सोने के आभूषण लूटे !

लुधियाना, 17 फरवरी ! लुधियाना के गिल रोड इलाके में सोना रखकर कर्ज देने वाली इंडिया इंफोलाइन फाइनेंस लिमिटेड (आईआईएफएल) की शाखा से सुबह बदमाशों ने बंदूक के बल पर 25 किलोग्राम से अधिक वजन के सोने के आभूषण लूट लिए। पांच बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने बताया कि सुबह 10.15 बजे चार नकाबपोश आईआईएफएल की शाखा में घुस गए जबकि एक बाहर कार में रूका रहा। उन्होंने बताया कि वारदात के समय शाखा के बाहर कोई सुरक्षाकर्मी तैनात नहीं था।
पुलिस ने बताया कि बदमाशों ने वहां मौजूद कर्मियों से उन तिजोरियों की चाबी देने को कहा, जहां सोने के आभूषण रखे हुए थे। पुलिस ने कहा, ‘उन्होंने शाखा के कर्मचारियों को रस्सी से बांध दिया और 20 मिनट के भीतर ही करीब 25 से 30 किलोग्राम के सोने के आभूषण लेकर फरार हो गए।’ पुलिस ने कहा कि लुटेरों के भागने के बाद शाखा के कर्मचारियों ने शोर मचाया। उन्होंने कहा कि मामले की जांच जारी है।



