सेक्टर-12 लेबर कोर्ट के पास सडक़ दुर्घटना मामले में सेंट्रल थाने में मुकदमा दर्ज, आरोपी काबू
काबू किए गए आरोपी का नाम धर्मबीर (35) है जो फरीदपुर का रहने वाला है और प्रॉपर्टी डीलर का काम करता है।

फरीदाबाद : घटना कल शाम करीब 7.00 की है जब 35 वर्षीय दयानंद अपनी पत्नी दिव्या और दो बेटियों भूमि (2) तथा दिशा (1) के साथ लेबर कोर्ट के पास से जा रहे थे कि थार गाड़ी से उनका एक्सीडेंट हो गया। सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और आमजन की मदद से घायलों को तुरंत सेक्टर-10 स्थित पार्क हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां लडक़ी दिशा की रास्ते में तथा दयानंद की इलाज के दौरान मृत्यु हो गई। वहीं अन्य दो घायल पीडि़त आईसीयू में भर्ती हैं और उनका इलाज चल रहा है।
सेंट्रल थाने में पीडि़त की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 279, 304ए, 337, 338, 427 के तहत मुकदमा दर्ज करके आरोपी की तलाश की गई। पुलिस द्वारा सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए और आसपास के लोगों से पूछताछ की गई जिसके आधार पर आरोपी धर्मबीर को काबू किया गया और वारदात में प्रयोग गाड़ी बरामद की गई।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी अपने दोस्त जयप्रकाश निवासी भतोला, फरीदाबाद की यह थार गाड़ी मांग कर ले गया था जिसका एक्सीडेंट हो गया और डर के कारण वह मौके से फरार हो गया था जिसे पुलिस ने बाद में काबू कर लिया।
पुलिस द्वारा मामले में आरोपी से पूछताछ की जा रही है और पूछताछ के पश्चात कानून के तहत कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।



