पंजाब, हरियाणा में बारिश से किसान परेशान

चंडीगढ़, 14 मार्च ! पंजाब और हरियाणा के अधिकतर हिस्सों में भी जारी बारिश से कृषि समृद्ध दोनों राज्यों के किसानों की परेशानी बढ़ गई है। किसानों को डर है कि लंबे समय तक नमी रहने के चलते फसलों को अधिक नुकसान पहुंच सकता है। मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि दोनों राज्यों की राजधानी चंडीगढ़ में तीन दिन से बारिश जारी है। उन्होंने बताया कि पंजाब के अमृतसर, लुधियाना, पटियाला और हरियाणा के पंचकुला, अंबाला और करनाल समेत अन्य इलाकों में शुक्रवार शाम 5.30 बजे से शनिवार सुबह 8.30 बजे के बीच बारिश हुई।

अधिकारियों ने बताया कि पंजाब के फाजिल्का जिले समेत अन्य स्थानों पर ओलावृष्टि और तेज हवाओं के कारण गेंहू की फसल को नुकसान पहुंचा। इसी तरह, हरियाणा के यमुनानगर, करनाल और कुरुक्षेत्र जिलों में भी फसल को नुकसान पहुंचा है। यमुनानगर के गांव चानेती के किसान जरनैल सिंह ने बताया कि बिना मौसम की बारिश और ओलावृष्टि के कारण गेंहू और अन्य फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है। शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने राज्य सरकार से प्रभावित किसानों को जल्द से जल्द मुआवजा देने की मांग की है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!