मक्का से मदीना जा रही बस दुर्घटनाग्रस्त, 40 से ज्यादा भारतीयों की मौत !

सऊदी अरब में एक भीषण सड़क हादसे में 40 से ज्यादा भारतीयों की मौत की आशंका है। यह हादसा उस समय हुआ, जब उमराह के लिए गए लोगों को लेकर जा रही बस एक तेल के टैंकर से टकरा गई। सऊदी अरब के मीडिया की रिपोर्ट्स के अनुसार, हादसा मदीना के नजदीक हुआ और माना जा रहा है कि हादसे में मरने वाले भारतीय उमराह यात्री हैं, जिनमें से कई हैदराबाद के निवासी हैं।
डीजल टैंकर से टकराई बस : गल्फ न्यूज की रिपोर्ट्स के अनुसार, उमराह गए लोगों को लेकर बस मक्का से मदीना जा रही थी, जब वह रास्ते में डीजल टैंकर से टकरा गई। हादसा स्थानीय समय अनुसार, सुबह करीब 1.30 बजे मुहरास या मुफरिआत इलाके में हुआ, जो मदीना से करीब 160 किलोमीटर दूर है। हादसे के समय कई यात्री सो रहे थे। टक्कर लगते ही बस आग की लपटों में घिर गई और लोगों को बचने का भी समय नहीं मिला। हादसा इतना भयानक था कि मृतकों की पहचान करना भी मुश्किल है। हादसे में कम से कम 42 लोगों की मौत की खबर है, जिनमें हैदराबाद के कई यात्रियों के होने की आशंका है। मरने वालों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं।
विदेश मंत्री एस जयशंकर ने किया ट्वीट : भारतीय विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर ने मदीना में हुए सड़क हादसे पर दुख जताया और सोशल मीडिया पर साझा एक पोस्ट में लिखा कि हमारा रियाद स्थित दूतावास और जेद्दाह में मौजूद महावाणिज्य दूतावास हादसे से प्रभावित लोगों की मदद कर रहा है। विदेश मंत्री ने हादसे में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित की और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।



