गुजरात में मिले लगभग 5 करोड़ के पुराने नोट, दो लोग गिरफ्तार !

अहमदाबाद ! गुजरात पुलिस ने गोधरा से 4.76 करोड़ रुपये मूल्य के पुराने नोट बरामद किए हैं। स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) की टीम ने इस सिलसिले में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। सभी नोट एक हजार और पांच सौ के हैं, जो 2016 में चलन से बाहर हो गए थे। एटीएस ने एक बयान में कहा कि मंगलवार रात एसओजी की टीम ने गोधरा इलाके में छापेमारी की थी। इस दौरान पुलिस ने जुबेर हयात और फारूक छोटा को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि, मुख्य आरोपी इदरीस हयात भागने में कामयाब हो गया। एटीएस को सूचना मिली थी कि कुछ लोग करोड़ों रुपये के पुराने नोट की लेनदेन में लगे हुए हैं।
सूचना पर एसओजी की टीम ने मेड सर्किल इलाके में दबिश दी और फारूक के पास से एक हजार नोटों के पांच बंडल बरामद किए। उससे पूछताछ के बाद एसओजी ने गोधरा के धनतया प्लाट इलाके में छापा मारा और एक कार से नोटों के ढेरों बंडल जब्त किए। पुलिस ने जुबेर को गिरफ्तार कर लिया, लेकिन उसका पिता इदरीस फरार हो गया। इदरीस पर पहले भी ऐसे ही आरोप लग चुके हैं और पुलिस को उसकी पिछले दो साल से तलाश है।



