एनपीटीआई में सुप्रसिद्ध सितार वादक उमा शंकर की प्रस्तुति पर झूमे श्रोता

फरीदाबाद, 25 मार्च। देश के युवा पीढ़ी के प्रतिष्ठित सितार वादक उमा शंकर ने सेक्टर 33 स्थित विद्युत मंत्रालय के राष्ट्रीय विद्युत प्रशिक्षण प्रतिष्ठान (एनपीटीआई) में अपनी अद्भुत प्रस्तुति से उपस्थित श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। “एक शाम-भारतीय संस्कृति के नाम“ सांस्कृतिक प्रस्तुति सभागार में आयोजित की गई। जिसमें श्री हेमंत जैन, महानिदेशक, NPTI एवं सदस्य (GO&D), CEA के दिशा निर्देश पर चल रहे 32वें फाउंडेशन बैच के एक्जिक्यूट ट्रेनी, एनएचपीसी इंडक्शन, सेनेगल के प्रतिभागियों सहित एमबीए और पीजीडीसी के सभी विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। सांस्कृतिक शाम कार्यक्रम डॉ. इंदु महेश्वरी प्रधान निदेशक (ट्रेनिंग) की देखरेख में आयोजित हुआ, इस अवसर पर डॉ. वत्सला शर्मा, निदेशक (ट्रेनिंग), सहायक निदेशक अनुराग राय एवं प्रांजल जुगलान सहित सभी गणमान्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ किया गया।

सितार वादक उमा शंकर ने अपने सुरों की जादूगरी से भारतीय शास्त्रीय संगीत की समृद्ध परंपरा का जीवंत प्रदर्शन किया। उन्होंने विभिन्न रागों के आलाप प्रस्तुत करते हुए “एक प्यार का नगमा है” और “होटों से छू लो तुम” जैसे लोकप्रिय गीतों की धुनें छेड़ी, जिन्हें सुनकर श्रोता भाव-विभोर हो उठे। इस दौरान सितार वादक उमा शंकर का साथ मशहूर तबला वादक उस्ताद मुस्तफा हुसैन ने दिया।

सितार वादक उमा शंकर आकाशवाणी के ‘ए’ ग्रेड कलाकार हैं तथा उन्हें बिस्मिल्लाह खान युवा पुरस्कार सहित कई प्रतिष्ठित सम्मानों से नवाजा जा चुका है। उन्होंने भारत के लगभग सभी राज्यों के साथ-साथ कनाडा, अमेरिका, चीन, इंग्लैंड, सिंगापुर, थाईलैंड, इजराइल, सऊदी अरब सहित अनेक देशों में अपनी प्रस्तुतियों से भारतीय संगीत की छाप छोड़ी है। उन्होंने 500 से अधिक शास्त्रीय एवं फ्यूजन कॉन्सर्ट में भाग लिया है तथा 400 से अधिक नाट्य प्रस्तुतियों के लिए संगीत निर्देशन एवं पृष्ठभूमि संगीत भी दिया है। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित दर्शकों ने कलाकार की प्रस्तुति की सराहना करते हुए इसे एक यादगार संगीतमय संध्या बताया।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!