कोरोना वायरस: पूरे हरियाणा में बंद लागू

चंडीगढ़ ! राज्य के सात जिलों में बंद की घोषणा करने के एक दिन बाद हरियाणा सरकार ने कोरोना वायरस रोधी उपायों को राज्य के बाकी 15 जिलों में भी लागू करने की घोषणा की और यहां भी बंद (लॉकडाउन) लागू कर दिया। मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने “डिजिटल” संवाददाता सम्मेलन में पत्रकारों से कहा, “हमने रोकथाम से जुड़े उपायों के तहत सात जिलों में बंद का आदेश दिया था। हमने अब फैसला किया है कि इनके अलावा बाकी 15 जिलों में भी 24 मार्च से यह प्रभावी होगा।” राज्य सरकार ने गरीबी रेखा से नीचे रहने वालों और दिहाड़ी मजदूर, रेहड़ी पटरी वाले जैसे निम्न आय समूह के लोगों के लिए विशेष आर्थिक सहायता की घोषणा की है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मानवीय उपाय यह सुनिश्चित करने के लिए किए गए हैं कि बंद के दौरान उन्हें अपनी दैनिक जरूरतों को पूरा करने में किसी भी कठिनाई का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि अंतरराज्यीय सीमाएं सील रहेंगी और अंतरराज्यीय बस सेवाएं भी स्थगित हैं यद्यपि आवश्यक सेवाएं जारी रहेंगी। खट्टर सरकार ने रविवार को राज्य के सात जिलों में बंद की घोषणा की थी। ये जिले गुड़गांव, फरीदाबाद, सोनीपत, पानीपत, झज्जर, रोहतक और पंचकूला हैं। रविवार रात नौ बजे से लागू यह बंद 31 मार्च तक प्रभावी रहेगा। खट्टर ने कहा कि इस महीने के अंत तक पूरा राज्य बंद रहेगा और 31 मार्च को स्थिति की समीक्षा की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने हरियाणा कोरोना राहत कोष (एचसीआरएफ) बनाने की भी घोषणा की और लोगों से स्वेच्छा से इसमें योगदान की अपील की। खट्टर ने अपने निजी खाते से इस कोष में पांच लाख रुपये दान भी दिया। उन्होंने कहा कि पार्टी के विधायकों ने एक महीने का वेतन जबकि राज्य के सरकारी कर्मचारियों ने अपने वेतन का 20 फीसदी दान देने की पेशकश की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि बीपीएल परिवारों को अप्रैल महीने का राशन निशुल्क मुहैया कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि पॉजिटिव मामलों को अगर अस्पताल में भर्ती कराया जाता है तो उनका निशुल्क इलाज होगा, भले ही वे निजी अस्पताल में भर्ती क्यों नहीं हों। खट्टर ने कहा कि कोरोनो वायरस को रोकने में लगे सभी स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं को 10 लाख रुपये दुर्घटना बीमा (अनुग्रहपूर्वक) दिया जाएगा। प्रदेश में कोरोना के अब तक 14 पुष्ट मामले सामने आए हैं।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!