फरीदाबाद पुलिस की सामुदायिक पुलिसिंग टीम द्वारा SPC के तहत कार्यक्रम
SPC इंचार्ज व प्रधानाचार्यों के लिए प्रशिक्षण सत्र का किया आयोजन

फरीदाबाद : पुलिस उपायुक्त, मुख्यालय के मार्गदर्शन में स्टूडेंट पुलिस कैडेट (SPC) कार्यक्रम के अंतर्गत चयनित सभी स्कूलों के प्रधानाचार्यों और SPC इंचार्ज के लिए ToT (Training of Teachers) प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन DAV पुलिस पब्लिक स्कूल, सेक्टर-30, फरीदाबाद में सफलतापूर्वक किया गया।
इस प्रशिक्षण सत्र का संचालन उप जिला शिक्षा अधिकारी मनोज मित्तल एवं हेमा अरोड़ा, प्रधानाचार्य DAV पब्लिक स्कूल सेक्टर-30 और समन्वयक, SPC कार्यक्रम के मार्गदर्शन में किया गया।
कार्यक्रम में SPC समन्वयक द्वारा उपस्थित सभी प्रतिभागियों को SPC कार्यक्रम की संपूर्ण रूपरेखा, उद्देश्य एवं क्रियान्वयन की प्रक्रिया से अवगत कराया गया। उन्होंने बताया कि स्कूलों में SPC कक्षाएं कैसे संचालित की जाएंगी, छात्र-छात्राओं का चयन किन मानदंडों पर होगा, कैडेट पोर्टफोलियो कैसे तैयार किया जाएगा, रिकॉर्ड संधारण किस प्रकार होगा तथा साप्ताहिक, पखवाड़ा और मासिक रिपोर्टें कैसे तैयार की जाएंगी।
इसके अतिरिक्त, पुलिस विभाग द्वारा नियुक्त SPC मास्टर ट्रेनरों के परिचय के साथ-साथ उनके द्वारा आयोजित किए जाने वाले मासिक प्रशिक्षण कार्यक्रम की जानकारी भी साझा की गई। सभी प्रतिभागियों को SPC कक्षाओं के संचालन से जुड़े दिशा-निर्देशों की भी विस्तृत जानकारी दी गई।

इस दौरान प्रभारी सामुदायिक पुलिसिंग निरीक्षक सुनीता ने बताया कि यह कार्यक्रम समुदाय में एक सकारात्मक पहल के रूप में शुरू किया गया है और यह एक उत्कृष्ट उदाहरण है कि कैसे पुलिस विभाग समुदाय के साथ मिलकर समाज को सशक्त बनाने की दिशा में कार्य कर रहा है।
यह प्रशिक्षण कार्यक्रम SPC कार्यक्रम के प्रभावी संचालन की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसका उद्देश्य विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, देशभक्ति और समाज के प्रति उत्तरदायित्व की भावना को सशक्त करना है।



