एल्विश यादव के घर पर फायरिंग करने वाला आरोपी फरीदाबाद में मुठभेड़ के बाद पकड़ा गया, पैर में लगी गोली

फरीदाबाद : गुरुग्राम में यूट्यूबर एल्विश यादव के घर फायरिंग मामले में एक आरोपी को फरीदाबाद अपराध शाखा ने मुठभेड़ के बाद बीपीटीपी थाना इलाके से काबू किया है। आरोपी के पैर में गोली लगी है। दूसरे आरोपी की तलाश में टीम लगी हुई है। पुलिस ने बताया कि आरोपी इशांत गांधी को फरीदाबाद पुलिस की अपराध शाखा सेक्टर-30 की टीम ने मुठभेड़ के बाद काबू किया। 22 अगस्त को सुबह 4:00/4:30 के बीच में ग्रेटर फरीदाबाद क्षेत्र नजदीक गांव फरीदपुर से तिगांव रोड पर मुठभेड़ हुई।

यह था मामला : गुरुग्राम के गांव वजीराबाद में एल्विश यादव के घर पर बाइक सवार अज्ञात हमलवारों ने करीब 24 राउंड फायर किए थे। फायरिंग होते ही एल्विश यादव के घर केयरटेकर का काम करने वाला शख्स घबराकर अंदर भाग गया था। साथ ही जानकारी एल्विश यादव के पिता मास्टर राम अवतार को दी थी।
मास्टर राम अवतार ने बताया था कि हमलावर ताबड़तोड़ गोलियां चलाकर भाग गए। फायरिंग के समय एल्विश यादव घर पर नहीं थे। तीन हमलवार बाइक पर आए थे, एक हमलावर बाइक से थोड़ी दूर पहले ही उतर गया था दो लडक़ों ने ताबड़तोड़ गोली चलाई थीं। एल्विश के पिता ने पुलिस को सूचना दी थी। सूचना मिलते ही पुलिस जांच में जुट गई थी। बता दें कि बिग बॉस में जाने के बाद एल्विश यादव की अलग पहचान थी। उनका विवादों से पुराना नाता है।
घर पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुए बदमाश : एल्विश यादव के घर की दीवार पर गोलियों के निशान हैं। बदमाश घर पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गए थे। पुलिस सीसीटीवी कैमरों की डीवीआर लेकर गई थी। एल्विश यादव के घर पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया था।



