क्यारी फाउंडेशन ने खोला गरीब बच्चों के लिए मुफ्त शिक्षा का नया सेंटर

- क्यारी फाउंडेशन पहुंचा उत्तर प्रदेश के जिला कन्नौज के अंतर्गत आने वाले नौरैया गाँव में
- -संस्था ने अगले माह पर्यावरण दिवस के मौक़े पर 200 पौधे लगाए जाने का लक्ष्य रखा
उत्तर प्रदेश : उत्तर प्रदेश के जिला कन्नौज के अंतर्गत आने वाले नौरैया गाँव में क्यारी फ़ाउंडेशन द्वारा गरीब बच्चों के लिए मुफ़्त शिक्षा प्रदान करने के लिए एक नया सेंटर खोला गया। यह क्यारी फ़ाउंडेशन द्वारा उत्तर प्रदेश में खोला गया पहला सेंटर है। इससे पहले हरियाणा और दिल्ली जैसे राज्यों में इस फ़ाउंडेशन द्वारा 400 बच्चों को मुफ़्त शिक्षा प्रदान की जा रही है। क्यारी फ़ाउंडेशन की इस मुहिम की शुरुआत फऱीदाबाद से ही हुई थी। इस मौक़े पर बच्चों को किताबें, कापियाँ और स्टेशनेरी मुफ़्त बाँटी गयी और 100 बच्चों को एडमिशन दिया गया।
इस अवसर पर संस्था की फ़ाउंडर निहारिका श्रीवास्तव जी और को-फ़ाउंडर सुमित श्रीवास्तव जी ने बताया कि इस वर्ष के अंत तक कऱीब (1000) एक हज़ार बच्चों को मुफ़्त शिक्षा प्रदान करने और उनकी स्किल डिवेलप्मेंट से सम्बंधित अभियान के लिए क्यारी फ़ाउंडेशन प्रतिबद्ध है।

उन्होंने कई आंकड़े सामने रखते हुए कहा कि फिलहाल भारत में 61 लाख बच्चे स्कूल के बाहर हैं, करीब एक करोड़ बच्चे श्रम में लगे है, हर रोज करीब 3500 बच्चे पांच साल की उम्र तक पहुंचने से पहले ही मर जाते हैं और करीब 42 फीसदी आदिवासी बच्चे ठिगने हैं तथा 56.4 करोड़ अब भी खुले में शौच करते हैं। ऐसे में हर क्षेत्र में काम किया जाना ज़रूरी है। क्यारी फ़ाउंडेशन ने शुरुआत शिक्षा से की है। अभी कुछ समय पहले अंतराष्ट्रीय महिला दिवस के मौक़े पर भी और ऐसे अनेकों मौक़ों पर क्यारी फ़ाउंडेशन निरंतर अपने प्रयासों से अलग अलग जरूरतमंद तबकों तक पहुँच कर ये सेवा कार्य करती रही है। संस्था के संस्थापक ने ये भी बताया की अगले माह पर्यावरण दिवस के मौक़े पर भी संस्था द्वारा 200 पौधे लगाए जाने का लक्ष्य है।



