राष्ट्र का भविष्य युवा शक्ति पर निर्भर : डा. अनिल आर्य

केंद्रीय आर्य युवक परिषद का युवक चरित्र निर्माण शिविर का समापन

फरीदाबाद , 16 जून : किसी भी राष्ट्र का भविष्य उसकी युवा शक्ति पर निर्भर करता है, क्योंकि युवा में ही देश को नई दिशा देने की शक्ति होती है और यह तभी संभव है जब देश का युवक चरित्रवान शिक्षित व संस्कारित हो। इसलिए युवाओं का चरित्र निर्माण और भारतीय संस्कारों का समावेश करवाना सभी आर्य जनों का कर्तव्य है। यह बात केंद्रीय आर्य युवक परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष डा. अनिल आर्य ने सैक्टर-19 स्थित रोटरी पब्लिक स्कूल में चल रहे केंद्रीय आर्य युवक परिषद हरियाणा के तत्वावधान में युवक चरित्र निर्माण शिविर के समापन अवसर पर प्रतिभावान युवाओं को प्रशस्ति पत्र व मेडल भेंट करते हुए कही। उन्होंने कहा कि आज का बच्चा कल देश का भविष्य बदलेगा यह जिम्मेदारी अभिभावकों सहित समस्त देशवासियों की बन जाती है। राष्ट्र भक्ति और शारीरिक पुष्टता के लिए यह अति आवश्यक है कि उन्हें आज के युग में सही मार्गदर्शन मिले।

कार्यक्रम में आर्य केंद्रीय सभा के जिलाध्यक्ष एडवोकेट पीके मित्तल ने कहा कि हमें ऐसे शिविरों के आयोजन करते रहने की आवश्यकता है ताकि युवा भारतीय संस्कृति और परंपराओं से जुड़ सके। एंगलोवैदिक गुरूकुल पुरकाजी के संस्थापक अमन सिंह शास्त्री ने शिविरार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि उन्होंने पिछले 7 दिन से जो धैर्य, कौशल और तप किया है इससे जीवन में बहुत बदलाव आने की संभावना है बशर्ते युवक इस दिनचर्या को जीवन में अपनाए। प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र कुकरेजा ने सफल शिविर पर सभी कार्यकर्ताओं को बधाई प्रेषित की। संस्था के महामंत्री डा. वीरेंद्र शास्त्री योगाचार्य ने सभी अतिथियों और शिविरार्थियों का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए भविष्य में इसी प्रकार के सहयोग बनाए रखने का आह्वान किया। इस अवसर पर डा. गजराज सिंह आर्य, विमला ग्रोवर, व्याख्याता राजेश कुमारी, प्रिंसीपल सुधा चौबे, जितेंद्र सिंह आर्य, अशोक शास्त्री, सत्यपाल शास्त्री, बिजेंद्र शास्त्री, शिव कुमार शास्त्री, सुधीर कपूर सहित शहर के अनेक गण्यमान्य लोग उपस्थित थे। इससे पूर्व शिविरार्थियों ने भव्य व्यायाम प्रदर्शन कर आगंतुकों और अतिथियों का मन मोह लिया।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!