जाट समाज ने किसान भवन में मनाया 80वां स्वतंत्रता दिवस, तिरंगे के साये में गूंजे देशभक्ति के नारे

फरीदाबाद : जाट समाज फरीदाबाद द्वारा सेक्टर-16 स्थित किसान भवन में 80वां स्वतंत्रता दिवस बड़े धूम-धाम, उत्साह और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत संस्था के प्रधान जीपीएस सागवान द्वारा ध्वजारोहण के साथ हुई। ध्वजारोहण के बाद उपस्थित सभी लोगों ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान गाया और तिरंगे को सलामी दी। इस मौके पर महासचिव एचएस मलिक ने कहा कि देश को आजाद करवाने में हमारे स्वतंत्रता सेनानियों एवं पूर्वजों ने अपने प्राणों की आहुति दी है। तब जाकर हमें आजादी रूपी यह धरोहर मिली है। आज हम आजादी की खुली हवा में सांस ले रहे हैं तो यह हमारे महापुरुषों के बलिदान के चलते ही संभव हो पाया है।
संस्था के कोषाध्यक्ष टी.एस. दलाल ने कहा आजादी के 80 साल पूरे होने पर हमें कृषि, शिक्षा और युवाओं के उत्थान पर विशेष ध्यान देना होगा ताकि शहीदों का सपना साकार हो सके। महेंद्र श्योराण ने कहा कि देश की एकता और भाईचारा ही हमारी सबसे बड़ी ताकत है। जाट समाज हमेशा देश और समाज की सेवा के लिए आगे रहेगा। रणजीत सिंह ने युवाओं से अनुशासन और राष्ट्रसेवा का संकल्प लेने की अपील करते हुए कहा जिस तरह हमारे पूर्वजों ने देश के लिए कुर्बानी दी, उसी भावना से हमें भी राष्ट्र निर्माण में योगदान देना है। कार्यक्रम में विंग कमांडर मान विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने देश की आजादी के इतिहास और देशभक्ति के महत्व पर लोगों को विस्तार से जानकारी दी। इस अवसर पर छोटे-छोटे बच्चों ने देशभक्ति गीत प्रस्तुत किए और हाथों में तिरंगा लेकर मार्च किया। उनकी प्रस्तुतियों पर पूरा परिसर तालियों से गूंज उठा। संस्था की ओर से प्रतिभागी बच्चों को सम्मानित भी किया गया।
इस अवसर पर सरोज सिंह, सुनीता मलिक, रेखा चौधरी, हवा सिंह ढिल्लो, सूरजमल, रमेश चौधरी, जितेंद्र चौधरी, कमल चौधरी, रामरतन नरवत, अजय नरवत, महेंद्र सिंह पहल, राहुल, सुरेंद्र, वीर सिंह, आर एस राणा, जी एस दहिया, वी एस राना, गजेंद्र सिंह, राम, रत्तन सिंह, सीमा, राजपाल मलिक, अशोक, सुरेंद्र सिंह मोर ने भी ध्वजारोहण में शामिल होकर अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई।



