सरकारी स्कूलों में 11वीं में दाखिले के लिए फिलहाल नहीं देनी होगी फीस !

चंडीगढ़ ! हरियाणा के सरकारी स्कूलों में 11वीं कक्षा में दाखिला लेने पर फिलहाल फीस नहीं देनी होगी। दाखिले के लिए स्कूल भी नहीं जाना होगा। स्कूल प्रिंसिपल को स्कूल शिक्षा बोर्ड का दसवीं का रिजल्ट व अन्य दस्तावेज व्हाट्सएप पर भेजने पर ही दाखिला हो जाएगा। कोविड-19 के मद्देनजर सरकार ने यह निर्णय लिया है। शिक्षा मंत्री कंवर पाल ने बताया कि सरकार ने यह निर्णय केंद्रीय गृह एवं स्वास्थ्य मंत्रालय के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए लिया है। इससे शारीरिक व सामाजिक दूरी बनी रहेगी। 10वीं में पास होने वाले विद्यार्थियों को स्कूल भी नहीं आना पड़ेगा, घर बैठे-बैठे उनका 11वीं कक्षा में दाखिला हो जाएगा। सरकार ने बच्चों की सुरक्षा को सर्वोपरि माना है।
शिक्षा मंत्री ने हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की 10वीं कक्षा का अच्छा परीक्षा-परिणाम आने पर सरकारी स्कूलों के अध्यापकों को और शिक्षा विभाग के अधिकारियों को बधाई दी है। उन्होंने बताया कि इस बार सरकारी स्कूलों का परीक्षा परिणाम पिछले साल की तुलना में करीब 10 प्रतिशत बढ़ा है।



