हाऊस टैकस वसूली के लिए दहशत ना फैलाए हरियाणा सरकार : विजय कौशिक

फरीदाबाद 1 फरवरी। कोरोना के कारण लोगों के काम धंधे फेल हो गए, आर्थिक मंदी छा गई, बेरोजगारी बढ़ गई। लोगों के लिए घर का खर्चा पूरा करना मुश्किल हो गया। लेकिन खुद को मनोहर सरकार कहने वाली भाजपा के शासन में लोगों का दुख-दर्द बांटने की जगह हाऊस टैक्स वसूली के लिए दहशत फैलाई जा रही है। जबकि होना यह चाहिए था कि लोगों का एक साल का हाऊस टैक्स माफ होना चाहिए और पिछले एक वर्ष के बकाया पर 50 प्रतिशत की छूट दी जानी चाहिए। यह बात कांग्रेस के वरिष्ठ नेता विजय कौशिक ने प्रेस को जारी एक बयान में कही।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता विजय कौशिक ने कहा कि 2020 की शुरूआत से ही देश में कोरोना को लेकर आर्थिक मंदी शुरू हो गई थी। मार्च में भारत सरकार ने लॉकडाउन की घोषणा कर दी थी। छ: माह तक देश लगभग पूरी तरह से बंद रहा। लोग बेरोजगार हुए, उनके काम-धंधे चौपट हो गए, लेकिन हरियाणा सरकार ने जनता के ऊपर कोई रहम नहीं किया। लेागों से लॉकडाउन के दौरान बंद काम-धंधों एवं दुकानों का पूरा बिजली का बिल वसूल किया गया। इसी तरह अब लोगों को हाऊस टैक्स की वसूली के लिए सरकार द्वारा कानूनी कार्यवाही के नोटिस भेजे जा रहे हैं, जो कि पूरी तरह से गलत है।

श्री कौशिक ने कहा कि जिन लोगों को डरा-धमका कर सरकार ने हाऊस टैक्स जमा करवाया है उनका भी एक वर्ष के हाऊस टैक्स की पेमेन्ट वापिस दी जानी चाहिए और जो लोग आर्थिक परेशानियों के कारण हाऊस टैक्स जमा कराने में असमर्थ हैं उनका एक साल का हाऊस टैक्स पूरी तरह से माफ किया जाना चाहिए। सरकार लोगों को लूटने के लिए नहीं होनी चाहिए। कोरोना की मार से पीडि़त जनता को राहत दिए जाने की सख्त जरूरत है। अगर सरकार लोगों को राहत नहीं देती है तो उसे इसका परिणाम भुगतना ही होगा।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!