घर में चोरी का तीसरा आरोपी गिरफ्तार, चांदी की पाजेब व चैन बरामद
परिवार खाटू श्याम दर्शन के लिए गया था, सूना मकान देखकर तीन दोस्तों ने दिया था वारदात को अंजाम

फरीदाबाद : फरीदाबाद पुलिस की अपराधियों के खिलाफ जारी कार्रवाई के अंतर्गत क्राइम ब्रांच सेक्टर-65 ने घर में लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी करने के मामले में तीसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया है। जिसकी पहचान दीपक (24), निवासी संजय कॉलोनी, फरीदाबाद के रूप में हुई है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर चोरी के सामान में शामिल चार चांदी की पाजेब और एक चांदी की चेन बरामद की है। आरोपित को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
पुलिस प्रवक्ता अनुसार संजय एन्क्लेव निवासी एक व्यक्ति ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 29 मई 2026 को वह अपने परिवार के साथ खाटू श्याम, राजस्थान दर्शन के लिए गया था। अगले दिन 30 मई की सुबह जब वापस लौटा तो घर का ताला टूटा हुआ मिला। घर के अंदर रखे सोने-चांदी के आभूषण और नकदी गायब थे। जिसकी शिकायत पर थाना सारन में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की जांच के दौरान क्राइम ब्रांच सेक्टर-65 ने तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचना के आधार पर आरोपी दीपक को गिरफ्तार किया। जिससे पूछताछ में खुलासा हुआ किया कि उसने अपने दो साथी रवि और सुशील के साथ मिलकर 29/30 मई की रात संजय एंक्लेव स्थित सूने मकान को निशाना बनाया था। तीनों पहले से दोस्त हैं और एक ही कॉलोनी के रहने वाले हैं। परिवार के घर से बाहर होने की जानकारी मिलने पर उन्होंने मकान का ताला तोड़ा और अंदर घुसकर सोने-चांदी के जेवर तथा नकदी चोरी कर फरार हो गए।
मामले में आरोपी रवि और सुशील को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। उनकी निशानदेही पर छह जोड़ी चांदी की पाजेब और दो अंगूठियां बरामद की गई थीं। अब तीसरे आरोपी दीपक की गिरफ्तारी के साथ पुलिस ने उससे चार चांदी की पाजेब और एक चांदी की चेन भी बरामद कर ली है।



