सेक्टर-29 में घर का ताला तोड़कर नकदी-आभूषण चोरी के मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार

क्राइम ब्रांच सेक्टर-85 की टीम पांच दिन के पुलिस रिमांड पर लेकर कर रही है पूछताछ

फरीदाबाद : घरों में चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए फरीदाबाद पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में क्राइम ब्रांच सेक्टर-85 की टीम ने सेक्टर-29 क्षेत्र में घर का ताला तोड़कर नकदी व आभूषण चोरी करने के मामले में 3 आरोपियों को प्रोडक्शन पर लेकर गिरफ्तार किया है। जिनके नाम शिवम, राहुल और सोनू, निवासी उत्तम नगर, दिल्ली है। आरोपित पुलिस टीम पर फायरिंग करने के मामले में नीमका जेल में बंद थे। पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश कर 5 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है।

पुलिस प्रवक्ता अनुसार सेक्टर-29 निवासी महिला ने पुलिस चौकी सेक्टर-28 में शिकायत दी थी कि 12 सितंबर की शाम वह अपने पति के साथ किसी काम से दिल्ली गई थी। जब दंपती वापस घर लौटे तो मकान का ताला टूटा हुआ था। घर के अंदर सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर पता चला कि अलमारी में रखी नकदी और आभूषण गायब थे। शिकायत पर थाना सेक्टर-31 में चोरी की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि तीनों आरोपी आपस में दोस्त हैं। जिन्होंने मिलकर 12/13 सितंबर की रात सेक्टर-29 स्थित मकान को निशाना बनाया। आरोपियों ने रॉड की मदद से घर का ताला तोड़ा और अंदर दाखिल होकर अलमारी से नकदी व आभूषण चोरी कर लिए। वारदात के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए।

आरोपियों के खिलाफ पहले से भी चोरी के कई मामले दर्ज हैं। सोनू के खिलाफ दिल्ली और फरीदाबाद में चोरी के 27 मामले, जबकि आरोपी शिवम और राहुल के खिलाफ दिल्ली में चोरी के 12-12 मामले दर्ज हैं।

तीनों आरोपियों को अदालत में पेश कर पांच दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। रिमांड के दौरान आरोपियों से चोरी किए गए नकदी व आभूषण की बरामदगी, वारदात में इस्तेमाल किए गए सामान तथा उनके द्वारा अंजाम दी गई अन्य चोरी की वारदातों के संबंध में पूछताछ करेगी।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!