महाराष्ट्र मित्र मंडल के रजत जयंती गणेश उत्सव में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी भी करेंगे शिरकत

मंडल के वरिष्ठ सदस्यों ने केंद्रीय मंत्री को उनके दिल्ली निवास पर पहुंच कर दिया निमंत्रण

  • महाराष्ट्र मित्र मंडल, फरीदाबाद के गणेशोत्सव में बप्पा के दर्शन करने आएंगे भारत सरकार के केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी

फरीदाबाद, 2 सितंबर । महाराष्ट्र मित्र मंडल, फरीदाबाद के लिए अत्यंत हर्ष, गर्व और गौरव का दिन रहा। मंडल के अध्यक्ष राजेंद्र पांचाल, सचिव प्रवीन राठौड़, ओमप्रकाश पांचाल, डी. एम. थोटे, विकास शेवाले, लक्ष्मण पांचाल, श्रीकांत चास्कर, तेजस, सचिन एवं मंडल के अन्य सम्माननीय सदस्यों ने भारत सरकार के वरिष्ठ केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से आत्मीय भेंट कर आगामी भव्य गणेशोत्सव का निमंत्रण सादर दिया।

नितिन गडकरी भारत सरकार में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री हैं और देश के विकास, आधुनिक सड़क एवं राजमार्ग निर्माण तथा मजबूत आधारभूत संरचना के क्षेत्र में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। अपने सरल, कर्मठ और जनसेवा के प्रति समर्पित व्यक्तित्व के कारण वे देशभर में एक लोकप्रिय और सम्मानित नेता के रूप में जाने जाते हैं।

इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने महाराष्ट्र मित्र मंडल, फरीदाबाद के निमंत्रण को आत्मीयता से स्वीकार करते हुए इस वर्ष गणेशोत्सव में बप्पा के दर्शन हेतु आने की सहमति प्रदान की। इस समाचार से मंडल के पदाधिकारियों, सदस्यों तथा फरीदाबाद और महाराष्ट्रीयन समाज में खुशी और उत्साह की लहर दौड़ गई है।

महाराष्ट्र मित्र मंडल के अध्यक्ष राजेंद्र पांचाल ने कहा – “देश के विकास पुरुष और भारत सरकार के वरिष्ठ केंद्रीय मंत्री आदरणीय नितिन गडकरी का हमारे गणेशोत्सव में आगमन हमारे लिए अत्यंत हर्ष का विषय है। उनके सान्निध्य से न केवल मंडल के सदस्य, बल्कि संपूर्ण फरीदाबाद एवं महाराष्ट्रीयन समाज को प्रेरणा और उत्साह प्राप्त होगा। यह हमारे लिए सौभाग्य का अवसर है कि वे बप्पा के दर्शन हेतु पधार रहे हैं।”

मंडल के सचिव प्रवीन राठौड़ ने भी अपनी भावनाएँ व्यक्त करते हुए कहा “श्री गडकरी का व्यक्तित्व जनसेवा, विकास और प्रगति का प्रतीक है। उनके आगमन से हमारे गणेशोत्सव की शोभा और बढ़ेगी तथा समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होगा।”

महाराष्ट्र मित्र मंडल, फरीदाबाद इस वर्ष गणेशोत्सव को विशेष रूप से भव्य और सांस्कृतिक रूप से समृद्ध बनाने की योजना बना रहा है। धार्मिक अनुष्ठानों के साथ-साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम, समाजोपयोगी उपक्रम और सामाजिक जागरूकता अभियानों का आयोजन किया जाएगा। मंडल ने बताया कि इस वर्ष गणेशोत्सव में विशेष रूप से आरोग्य शिबिर, सांस्कृतिक संध्या और बाल प्रतिभा प्रदर्शन जैसे कार्यक्रम भी होंगे।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!