पुरानी रंजिश के चलते युवक पर लोहे की रॉड व डंडों से जानलेवा हमला, दो आरोपी गिरफ्तार
क्राइम ब्रांच ऊंचा गांव की कार्रवाई

फरीदाबाद : पुरानी रंजिश के चलते एक युवक पर लोहे की रॉड और डंडों से हमला कर घायल करने के मामले में क्राइम ब्रांच ऊंचा गांव की टीम ने 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान साहिल (26 वर्ष) और पवन (27 वर्ष), दोनों निवासी गांव नीमका, फरीदाबाद के रूप में हुई है। जिनको 2 दिन पुलिस रिमांड पर लेकर अपराध शाखा की टीम पूछताछ कर रही है।
पुलिस प्रवक्ता अनुसार गांव नीमका निवासी राकेश ने पुलिस चौकी आईएमटी में दी शिकायत में बताया कि 16 अगस्त 2026 को उसका भाई विनोद अपने तीन दोस्तों के साथ गांव नीमका-फज्जूपुर स्थित ठेके पर रुका हुआ था। इसी दौरान वहां दो काले रंग की स्कॉर्पियो गाड़ियां आकर रुकीं और गाड़ियों से भज्जी, साहिल तथा उनके अन्य साथी लोहे की रॉड और डंडे लेकर नीचे उतरे और उसके भाई विनोद पर हमला कर दिया। हमले में विनोद को चोटें आईं। शिकायत पर थाना सदर बल्लभगढ़ में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी पवन की पीड़ित विनोद के साथ पुरानी रंजिश चल रही थी। विनोद वगैरा ने पवन के हाथ तोड़ दिया था। इसी रंजिश का बदला लेने के उद्देश्य से पवन ने अपने दोस्त साहिल और अन्य साथियों के साथ मिलकर 16 अगस्त को दो गाड़ियों में सवार होकर गांव नीमका-फज्जूपुर स्थित ठेके पर पहुंचा। जहां पर उसने विनोद पर लोहे की रॉड से हमला किया, जबकि आरोपी साहिल ने डंडों से वार किए। हमले में विनोद घायल हो गया।
गिरफ्तार दोनों आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस रिमांड के दौरान आरोपियों से वारदात में शामिल अन्य व्यक्तियों, घटना में प्रयुक्त हथियारों तथा अन्य महत्वपूर्ण तथ्यों के संबंध में पूछताछ की जा रही है। घटनाक्रम में हत्या के प्रयास की धारा जोड़ी गई है।



