कुछ घंटे की बारिश में सडक़ें बनी तालाब, यातायात व्यवस्था चरमराई

फरीदाबाद : फरीदाबाद में रात से बारिश हो रही है जिसने सडक़ों को तालाब में तब्दील कर दिया है। शहर के मुख्य चौक चौराहों के साथ राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित बल्लबगढ़, बाटा और अजरौंदा चौक पर जलभराव से वाहनों के पहियों पर ब्रेक लग गया। यही स्थिति सेक्टर व कॉलोनियों में देखने को मिली। जलभराव के कारण कुछ स्थानों पर गाडिय़ां भी खराब हो गईं।
सबसे ज्यादा खराब हालत डबुआ कॉलोनी 60 फुट रोड, सारन स्कूल रोड और कई सेक्टरों में देखने को मिली। यहां सडक़ों पर घुटनों तक पानी भर गया। छोटे ऑटो चालकों ने तो बीके चौक और एनआईटी एक नंबर मार्केट से इन क्षेत्रों को आने-जाने से इनकार कर दिया, जिससे यात्रियों को काफी परेशानी हुई।
लोगों को बारिश की कोई उम्मीद नहीं थी। रात को मौसम ने अचानक करवट बदली और बारिश शुरू हुई और कुछ ही देर हुई झमाझम बरसात ने सडक़ों को तालाब में बदल दिया। कुछ घंटों की बारिश ने निगम के दावों की पोल खोलकर रख दी। जलभराव वाले क्षेत्रों में पानी निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण मुख्य सडक़ पर घुटनों तक पानी भर गया। डबुआ स्थित 60 फुट रोड, मथुरा रोड, एनआईटी 1 नंबर और सारन स्कूल रोड में चारों ओर पानी-पानी नजर आ रहा है। बरसात के पानी के साथ सीवर की गंदगी भी घरों में घुस गई। बीके चौक, नीलम चौक, एक नंबर आदि जगहों से डबुआ जाने वाले ऑटो चालकों ने किनारा कर लिया। ऐसे में अपने गंतव्य तक सवारी न मिलने से लोग परेशान हुए।



