जनवरी 2020 में दोबारा आंदोलन की रणनीति बनाएंगे जाट !

रोहतक। रोहतक के जसिया में अखिल भारतीय जाट आरक्षण संघर्ष समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष यशपाल मलिक ने की। इस बैठक में फैसला लिया गया कि हरियाणा सरकार ने यदि वायदे के मुताबिक की गई अपनी मांगे पूरी नहीं की गई तो जनवरी 2020 में प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक बुलाकर राष्ट्रव्यापी जाट आरक्षण आंदोलन की रणनीति बनाई जाएगी। इसके अलावा भाईचारा न्याय यात्रा भी निकाली जाएगी।
यशपाल मलिक ने कहा कि हरियाणा सरकार द्वारा वायदे के मुताबिक जाटों को ओबीसी श्रेणी में आरक्षण देने व जाट आरक्षण आंदोलन के दौरान दर्ज केस वापसी की मांग को पूरा नहीं किया है। अगर सरकार ने ये मांगे पूरी नहीं की तो जाट दोबारा आंदोलन करेंगे। मलिक ने कहा कि जाट आरक्षण आंदोलन व शहीद रैली की तैयारी के लिए पूरे हरियाणा में भाईचारा न्याय यात्रा निकाली जाएगी। जिसके माध्यम से हरियाणा सरकारी की वायदा खिलाफी को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। 18 जनवरी 2020 को प्रदेश कार्यकारिणी का आयोजन कर भाईचारा न्याय यात्रा की रूप रेखा तैयार की जाएगी।
इस यात्रा की समाप्ति के बाद जाट आरक्षण आंदोलन में शहीद हुए लोगों की याद में 22 फरवरी 2020 को शहीद रैली होगी। वहीं 19 जनवरी से 31 जनवरी 2020 तक प्रदेश कार्यकारिणी राष्ट्रव्यापी आंदोलन की रूपरेखा तैयार करेगी। उन्होंने कहा कि इस आंदोलन से पहले समझौते में शामिल नेताओं को मांग पूरी करवाने के लिए कहा जाएगा। इसके बाद आंदोलन शुरू किया जाएगा।



